सहकारी गन्ना प्रबंध कमेटी की बैठक में वर्ष 2015-16 का 51.12 लाख रुपये के लाभ का बजट पास किया गया। गन्ना मूल्य भुगतान न करने पर प्राइवेट चीनी मिलों को नोटिस देने का प्रस्ताव भी बैठक में पास किया गया।
चेयरमैन श्रीकांत सिंह की अध्यक्षता में हुई बैठक में 4 करोड़ 33 लाख 45 हजार 700 आय और इसके सापेक्ष 3 करोड़ 82 लाख 33 हजार 550 व्यय का बजट पेश किया। इसमें पांच लाख रुपये से समिति परिसर में किसान भवन, कुर्रैया, घुंघचाई, कलीनगर, शाहगढ़ में गोदामों की मरम्मत, समिति के बाहर दुकानों का निर्माण कराने का प्रस्ताव रखा गया जिसे ध्वनि मत से पास कर दिया गया।
इस प्रकार समिति में 51 लाख 12 हजार 150 लाभ का बजट पास किया गया। बजट के अलावा सदन में गन्ना मूल्य भुगतान पर चर्चा हुई और भुगतान की स्थिति ठीक न होने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए भुगातन में फिसड्डी चीनी मिलों को नोटिस देने का प्रस्ताव पास किया गया। बैठक का संचालन समिति सचिव देव सिंह राना ने किया।
यहां सरला देवी, चेतराम, स्वदेश सिंह यादव, गिरधारी लाल, सतेद्र सिंह, ढाकल लाल, हरदेव सिंह सहित कई संचालक मौजूद रहे।