पीलीभीत। कोतवाली के आसपास के मोहल्लाें के करीब 500 उपभोक्ताओं की बिजली आपूर्ति सात घंटे तक बाधित रही। इससे उपभोक्ताओं को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। इसके अलावा शहर के अलग-अलग मोहल्लों के उपभोक्ता भी कटौती से परेशान रहे।
कोतवाली के आसपास रविवार को रीवैंप योजना के तहत केबल डालने का काम किया गया। इस वजह कई मोहल्लों की बिजली आपूर्ति सुबह करीब दस बजे बंद कर दी गई। शाम करीब पांच बजे यहां की बिजली आपूर्ति को सुचारू किया गया। इसके बाद भी कटौती की समस्या बरकरार रही। इससे उपभोक्ताओं को काफी परेशानी हुई।
इसके अलावा शहर के मोहल्ला अशोक कॉलोनी में ट्रांसफार्मर में खराबी आने से दो बजे बिजली चली गई। बिजली निगम की टीम ने काफी मशक्कत के बाद करीब ढाई घंटे बाद आपूर्ति सुचारू की। जेपी मार्ग, किराना बाजार, एकता नगर, स्टेडियम मार्ग, नई बस्ती, दूधिया मंदिर, सुरभि कॉलोनी आदि इलाकों में बिजली कटौती से उपभोक्ता परेशान रहे। जेई जहांगीर आलम ने बताया कि कोतवाली के पास रीवैंप योजना का काम चल रहा था, इसलिए यहां बिजली प्रभावित रही।