आईटीआई प्रथम वर्ष की दो छात्राओं ने कॉलेज के एक शिक्षक पर नशे की हालत में छेड़छाड़ और मारपीट का आरोप लगाया। घटना की जानकारी मिलने पर परिवारीजनों ने कॉलेज पहुंचकर विरोध दर्ज कराते हुए हंगामा किया। जिसके बाद प्रधानाचार्य और पुलिस को आरोपी शिक्षक के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए नामजद तहरीर दी गई। जिसके आधार पर लगाए गए आरोपों की जांच में पुलिस जुट गई है। हालांकि तहरीर पर मुकदमा दर्ज नहीं किया गया है।
सुनगढ़ी थाना क्षेत्र की रहने वाली दो युवतियों ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि दो नवंबर को कॉलेज के एक शिक्षक ने नशे की हालत में उनके साथ झगड़ा किया। इसके बाद लोहे की रॉड मारने की कोशिश की गई। कुछ छात्रों की पिटाई तक कर दी गई। इस दौरान छेड़छाड़ करने का भी आरोप लगाया। विरोध करने पर उनका कॉलेज से नाम काटने की धमकी दे डाली। यह भी आरोप लगाया कि आए दिन नशे की हालत में आरोपी शिक्षक छात्राओं को अपने लड़के से शादी कराने की बात कहते हैं। छात्राओं से घटना की जानकारी मिलने पर शनिवार सुबह परिवारीजन कॉलेज पहुंच गए और शिक्षक पर कार्रवाई की मांग को लेकर नारेबाजी शुरू कर दी। सूचना पुलिस को दी गई। कुछ ही देर में कोतवाल केपी सिंह, महिला थानाध्यक्ष नबिता सिंह पुलिस कॉलेज पहुंच गए। प्रधानाचार्य कक्ष में काफी देर चली बातचीत के बाद छात्राओं की ओर से शिक्षक के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की गई। इस पर पुलिस व कॉलेज प्रशासन ने जांच कराकर सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाते हुए भीड़ को शांत कराया। सत्यता का पता लगाने के लिए पुलिस की टीमें कालेज में अन्य छात्र-छात्राओं से संपर्क साध पूछताछ में जुटी हैं।
और कॉलेज से गायब हो गया आरोपी शिक्षक
परिवार के लोग शिक्षक को प्रधानाचार्य कक्ष में बुलाने की बात पर अडिग हो गए। जिसके बाद कुछ देर पहले ही कॉलेज पहुंचे आरोपी शिक्षक परिवारीजनों के आक्रोश और पुलिस को भांप वहां से निकल गए। प्रधानाचार्य ने फोन कर बुलाने की कोशिश की, लेकिन नंबर स्विच ऑफ बताने लगा।
इस पहलू पर भी चल रही जांच
जांच में पुलिस के सामने एक तथ्य और निकलकर आया कि छात्रा एक छात्र के साथ खड़ी मिली थी। इस पर उसको शिक्षक ने वहां से हटा दिया। कुछ देर बाद दोनों के दोबारा मिलने पर शिक्षक ने छात्र के थप्पड़ जड़ दिया और छात्रा को वहां से जाने को कह दिया। इस घटना को लेकर तो ये आरोप नहीं लगाए गए, इसकी सत्यता का पता लगाने के लिए भी पुलिस जांच कर रही है।
कोतवाल ने मांगी कॉलेज प्रबंधन से रिपोर्ट
कोतवाल केपी सिंह ने शिक्षक पर लगे आरोपों को लेकर कार्रवाई करने के लिए कॉलेज प्रबंधन से भी जांच रिपोर्ट तलब की है। इस पर प्रधानाचार्य अनिल वर्मा ने तीन दिन में जांच पूरी कर रिपोर्ट देने को का है। वहीं परिवार की ओर से शिक्षक को सस्पेंड करने की मांग पर भी रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेजने की बात कही गई है।
अभी तक इस तरह की कोई शिकायत कॉलेज प्रबंधन से नहीं की गई थी। शनिवार को शिकायत मिली है। इसकी गंभीरता से निष्पक्ष जांच कराई जाएगी। पूरे मामले की रिपोर्ट बनाकर उच्चाधिकारियों को भी भेजी जाएगी।
- अनिल वर्मा, प्रधानाचार्य आईटीआई कॉलेज
दो छात्राओं की ओर से एक शिक्षक के खिलाफ तहरीर दी गई है। कोतवाली और महिला थाना पुलिस को इसकी जांच में लगाया गया है। कालेज के अन्य छात्र-छात्राओं के भी बयान लिए जा रहे हैं, ताकि सच्चाई का पता लगाया जा सके। जांच कर सख्त कार्रवाई होगी।
- धर्म सिंह मार्छाल, सीओ सिटी
पांच सदस्यीय कमेटी करेगी जांच
छात्रा से छेड़छाड़ और मारपीट के मामले में पुलिस की ओर से जांच के बाद रिपोर्ट दर्ज होने की बात कही जा रही है। इधर, कॉलेज प्रशासन की ओर से विभागीय स्तर पर जांच के लिए पांच सदस्यीय कमेटी बनाई गई है। इसमें पीलीभीत आईटीआई के प्रधानाचार्य अनिल वर्मा के अलावा पूरनपुर आईटीआई के प्रधानाचार्य आरके शर्मा, बरखेड़ा आईटीआई के प्रधानाचार्य राजेश गौतम, शिक्षक अरुण कुमार, हर्ष अरोड़ा को शामिल किया गया है। इस कमेटी की अध्यक्षता अनिल वर्मा करेंगे। उन्होंने बताया कि उच्चाधिकारियों को अग्रिम कार्रवाई के लिए रिपोर्ट बनाकर भेजी गई है।