16 पीबीटीपी 1
दो खेतों पर दिखाई दिया बाघ, दहशत
सूचना पर पहुंची वन टीम ने की पड़ताल, पगचिह्न मिले
गजरौला फार्म और भूड़ा कैमोर गांव में बाघ दिखने से दहशत का माहौल
अमर उजाला ब्यूरो
अमरिया/पीलीभीत।
ब्लॉक अमरिया क्षेत्र में बाघों की चहलकदमी लगातार जारी है। सोमवार सुबह भी डेढ़ किलोमीटर के दायरे में दो स्थानों पर बाघ दिखाई देने से ग्रामीणों में दहशत फैल गई। इसकी सूचना मिलने पर वनकर्मी मौके पर पहुंचे और पड़ताल की। दोनों स्थानों पर पगमार्ग मिलने पर ग्रामीणों को सुरक्षा के प्रति अलर्ट कर दिया गया है।
पूर्व ब्लॉक प्रमुख अमरिया श्रवण दत्त सिंह के फार्म हाउस पर गन्ना छीलने का काम मजदूरों द्वारा किया जा रहा हैै। सोमवार सुबह करीब साढ़े सात बजे मजदूर उनके गजरौला फार्म पर गन्ना छीलने के लिए पहुंचे। खेत पर पहुंचते ही उनको गन्ने के बीच बाघ दिखाई दिया। जिसके बाद मौके पर भगदड़ मच गई। शोरशराबा होने पर आसपास के कई ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। पूर्व ब्लॉक प्रमुख के ड्राइवर जावेद ने इसकी सूचना वनविभाग के अधिकारियों को दी। जिसके बाद कुछ ही देर में वन दरोगा महेंद्रपाल, सोमपाल, चेतन कुमार टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। गन्ने के खेत में ग्रामीणों की मदद से बाघ को तलाशा गया, लेकिन बाघ जब तक निकल चुका था। टीम को मौके से बाघ के पगचिह्न मिले है। उधर, डेढ़ किलोमीटर दूर स्थित भूड़ा कैमोर गांव निवासी नरेंद्र सिंह के गन्ने के खेत में भी बाघ दिखाई दिया। सोमवार सुबह करीब छह बजे वह खेत पर पानी लगाने के लिए पहुंचे। खेत पर लगा इंजन स्टार्ट करने के बाद उनकी नजर खेत में छिपे बैठे बाघ पर पड़ी तो उनके पसीने छूट गए। चीख पुकार करते हुए वह आबादी की तरफ दौड़ पड़े। इसके बाद काफी संख्या में ग्रामीण जमा हुए और सूचना वनविभाग के अफसरों को दी गई। जिसके बाद टीम ने मौके पर पहुंचकर जानकारी जुटाई। वनदरोगा महेंद्र पाल ने बताया कि दोनों स्थानों पर बाघ के पगमार्क मिले हैं। ग्रामीणों को अलर्ट कर दिया गया है। वनकर्मी टीम के साथ लगातार निगरानी में जुटे हुए हैं। इसकी सूचना अधिकारियों को दे दी गई है।