समाधान दिवस में अधिक रहीं जमीन संबंधी शिकायतें
निस्तारण को भेजी गईं पुलिस-राजस्व की संयुक्त टीमें
डीएम-एसपी पहुंचे कोतवाली, जनता को सुना
अमर उजाला ब्यूरो
पीलीभीत। माह के तीसरे शनिवार को जिले के समस्त थानों में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। डीएम-एसपी समेत कई पुलिस-प्रशासनिक अफसर जनता की सुनवाई करने पहुंचे। हालांकि अधिकांश शिकायतें जमीन संबंधी होने के कारण मौके पर निस्तारण नहीं कराया जा सका। टीमें बनाकर कार्रवाई के लिए भेजी गई हैं।
सुबह दस से दोपहर दो बजे तक समस्त थानों में जनसुनवाई की गई। कोतवाली में डीएम शीतल वर्मा, एसपी कलानिधि नैथानी ने जनता को सुना। यहां जमीन संबंधी विवाद अधिक रहे। इसके अलावा कई दिनों से लंबित चल रहे बिजली विभाग से जुड़े एक विवाद को भी अधिकारियों ने निस्तारित कराया। यहां कुल दस शिकायतें आई। जिसमें से पांच का निस्तारण कराने में कामयाबी मिली। उधर, सुनगढ़ी एसएचओ मुहम्मद कासिम थाने पर जनता की शिकायतों का निस्तारण कराने का प्रयास करते रहे। यहां भी कुछ देर के लिए एडीएम और एएसपी पहुंचे। एसएचओ ने बताया कि सामने आई सात में से पांच शिकायतों का निस्तारण करा दिया गया है। एसडीएम सदर पूर्णिमा सिंह, सीओ सदर योगेंद्र कुमार जहानाबाद थाने पहुंचे और जनसुनवाई की। न्यूरिया थाने में एसएचओ रविंद्र वर्मा ने जनता को सुना। यहां नौ शिकायतें आई, लेकिन निस्तारण सिर्फ चार का ही कराया जा सका। बरखेड़ा थाने में ग्यारह में से मात्र एक शिकायत निस्तारित कराई जा सकी। बकाया जमीन संबंधी विवाद होने पर पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम बनाकर भेजी गई हैं।
बीसलपुर/ दियोरिया। कोतवाली में आयोजित समाधान दिवस में राजस्व विभाग से संबंधित चार शिकायतें आई। इसमें एक का भी निस्तारण नहीं हो सका। कोतवाल मनोज कुमार त्यागी ने बताया कि शिकायतों के निस्तारण के लिए चार टीमें बना दी गई हैं। इसके अलावा दियोरिया कोतवाली में आयोजित समाधान दिवस में कोतवाल गोपीचंद यादव ने फरियादियों को सुना। यहां कुल दस शिकायतें आई। कोतवाल ने बताया कि निस्तारण के प्रयास किए जा रहे है। छह टीमें मौके पर कार्रवाई को भेजी गई हैं।
000
किराएदार-मकान मालिक का विवाद निपटा
पीलीभीत। पिछले छह माह से किराएदार और मकान मालिक के बीच चल रहा विवाद आखिरकार सुनवाई के बाद निपट सका। शनिवार को एसएचओ सुनगढ़ी मुहम्मद कासिम ने बताया कि राजीव कॉलोनी के निवासी रमनपाल के मकान में बीसलपुर के ईदगाह चौराहा निवासी फूल बी किराए पर रहती थी। छह माह से मकान खाली कराने को लेकर विवाद था। आज दोनों की आमने-सामने बातचीत कराकर सुलह करा दी गई है।
000
संभ्रांत नागरिकों से डीएम-एसपी ने लिए सुझाव
पीलीभीत। कोतवाली में जनसुनवाई करने के बाद डीएम-एसपी समेत अन्य पुलिस प्रशासनिक अफसरों ने मौजूद संभ्रांत लोगों से बातचीत की। इस दौरान व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए सुझाव भी लिए गए। इसमें साफ सफाई, बिजली के जर्जर तार में सुधार और पुलिस गश्त को लेकर सख्ती करने समेत तमाम बिंदुओं पर चर्चा हुई। सभी पर डीएम-एसपी ने कार्रवाई का भरोसा दिलाया। वहीं होली पर्व को सकुशल निपटाने के लिए आयोजित होने वाली पीस कमेटी बैठक की जानकारी दी गई।