चार सहकारी संघों पर आज पड़ेंगे वोट
13 संघों के डेलीगेट हो चुके हैं निर्विरोध निर्वाचित
अमर उजाला ब्यूरो
पीलीभीत। सहकारिता चुनाव के द्वितीय चरण की प्रक्रिया में सहकारी संघों के चुनाव चल रहे हैं। इसमें जिले के सभी 17 सहकारी संघों पर नामांकन प्रक्रिया कराई गई थी जिसमें 13 संघ ऐसे हैं जिसके सभी डेलीगेट निर्विरोध निर्वाचित हो चुके हैं। मात्र चार संघ ही ऐसे हैं जहां कुछ डेलीगेट के लिए चुनाव होना है। शुक्रवार को इसके लिए वोटिंग की जाएगी।
शासन के निर्देश पर जनवरी माह में जिले के सभी ब्लॉकों में सहकारी संघों के चुनाव प्रारंभ हुए थे। प्रथम चरण में सहकारी समितियों के बाद अब सहकारी संघों के चुनाव की प्रक्रिया चल रही है। 17 सहकारी संघों के लिए हुई नामांकन प्रक्रिया में प्रत्येक संघ से नौ-नौ डेलीगेट चुने हैं। इसमें 13 सहकारी संघ ऐसे हैं जिसके सभी डेलीगेट निर्विरोध चुने जा चुके हैं। मात्र चार सहकारी संघ ही ऐसे बचे हैं जिनपर शुक्रवार को मतदान कराया जाना है। सुबह 10 बजे से मतदान शुरू होगा और शाम को चार बजे के बाद मतगणना होगी।
00000
इन संघों पर हुआ निर्विरोध निर्वाचन
मरौरी, न्यूरिया, जहानाबाद, ऐमी, उदयपुर, कलीनगर, शिवनगर, सेहरामऊ उत्तरी, जोगीठेर, बरखेड़ा, अमृता, चुर्रासकतपुर, नौगवां संतोष।
0000
यहां आज होगा मतदान
रंपुरा फकीरे, पूरनपुर, घुंघचाई और बिलसंडा
00000
शासन से भी नामित होंगे सदस्य
जिले के सभी 17 सहकारी संघों में डेलीगेट के कई पद ऐसे हैं जिस पर एक भी नामांकन नहीं हुआ है जिससे यह पद रिक्त रह गए हैं। एआर कोऑपरेटिव राजेश कुमार सिंह ने बताया कि आठ स्थानों पर शासन से डेलीगेट नामित होने हैं। जिनकी सूचना बृहस्पतिवार को प्राप्त हो जाएगी।