पीलीभीत/गजरौला। पूरनपुर रोड पर बिठौराकलां गांव के पास ट्रक ने पहले बाइक सवार को टक्कर मारी, इसके बाद सड़क पार कर रहे गांव निवासी 19 वर्षीय कौशल कुमार को भी कुचल दिया। इलाज के दौरान जिला अस्पताल में कौशल की मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
गजरौला थाना क्षेत्र के बिठौराकलां गांव निवासी रामनाथ का पुत्र कौशल कुमार मजदूरी करता था। मंगलवार देर शाम किसी काम के सिलसिले में घर से निकला। पूरनपुर रोड पर पैदल सड़क पार करते वक्त तेज रफ्तार ट्रक ने पहले पीलीभीत की ओर से आ रहे बाइक सवार ग्राम बानगंज निवासी उवैस पुत्र सगीर अहमद को टक्कर मार दी। इसके बाद कौशल को भी कुचल दिया। हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। यह देख चालक ट्रक मौके पर छोड़कर भाग निकला। इसकी सूचना मिलने पर एसएसआई गजरौला एसके सिंह मौके पर पहुंचे और घायलों को जिला अस्पताल भर्ती कराया, यहां देर रात इलाज के दौरान घायल कौशल की मौत हो गई। बुधवार सुबह सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक के बड़े भाई होरीलाल ने ट्रक नंबर के आधार पर अज्ञात चालक के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है। इसके आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है।