पूरनपुर। बगैर पंजीकरण अवैध ढंग से चल रहे गांव रंपुरा ताल्लुके महाराजपुर और भगवंतापुर के दो अस्पतालों को प्रभारी चिकित्साधिकारी ने पुलिस के साथ पहुंचकर सील कर दिया। बगैर पंजीकरण अस्पताल खोलने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी। कार्रवाई की भनक पर अवैध तरीके से संचालित अस्पतालों के संचालकों में खलबली मची रही।
मोहल्ला रजागंज, ढका, साहूकारा, चौक सहित अन्य मोहल्लों के अलावा गांवों में झोलाछाप चिकित्सकों की भरमार है। कई अस्पतालों में तो विशेषज्ञ और चिकित्सक तैनात न होने के बाद भी ऑपरेशन से प्रसव कराए जा रहे हैं। महिला अस्पताल में प्रसव को पहुंचने वाली महिलाओं को प्राइवेट अस्पतालों में ले जाकर प्रसव कराने के कई मामले पूर्व में प्रकाश में आए थे। जांच के बाद आशा कार्यकर्ता पर कार्रवाई भी हुई थी। इसके बाद भी नगर सहित क्षेत्र में अवैध अस्पतालों का संचालन नहीं थम रहा है। बुधवार को प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. मनीष राज ने बताया कि गांव रंपुरा ताल्लुके महाराजपुर में केजीएन हेल्थ पैथालॉजी के नाम से चल रहे अस्पताल और गांव भगवंतापुर में एसपी श्रीवास्तव के चल रहे अस्पताल को सील कर दिया गया। उन्होंने बताया कि दोनों अस्पताल अवैध ढंग से संचालित हो रहे थे। इसकी शिकायत सीएमओ से भी की गई थी। अस्पतालों को सील करने की कार्रवाई सीएमओ के निर्देश पर की गई है।