जल निगम नगरीय योजना से बन रहा ओवरहेड टैंक। संवाद
पीलीभीत। शहर में 18 करोड़ रुपये की नगरीय पेयजल योजना का कार्य तेजी से चल रहा है। इस योजना का 35 फीसदी काम आठ माह में पूरा हो चुका है। इसका उद्देश्य शहर के दो वार्डों के लगभग पांच हजार परिवारों को 24 घंटे स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराना है।
जल निगम नगरीय ने दावा किया है कि यह योजना तय समय से पहले पूरी कर ली जाएगी। यह योजना शहर के वार्ड पांच और सात के लगभग आठ मोहल्लों को कवर करेगी। योजना के तहत ओवरहेड टैंक का निर्माण और 40 किलोमीटर पाइपलाइन बिछाने का कार्य शामिल है। अगस्त 2025 में शुरू हुए इस कार्य में ओवरहेड टैंक का फाउंडेशन तैयार कर उसका ढांचा खड़ा कर दिया गया है। 40 किलोमीटर पाइपलाइन में से 15 किलोमीटर पाइपलाइन डाली जा चुकी है।
केजीएन, गोदावरी, संजय रॉयल पार्क, सुभाष नगर, अयोध्या पुरम, निरंजनकुंज सहित अन्य मोहल्लों में पाइपलाइन बिछाई जा रही है। विभाग का लक्ष्य बचा हुआ 65 फीसदी कार्य दिसंबर 2026 तक पूरा करना है। योजना पूरी होने पर उपभोक्ताओं को पानी के बिल का भुगतान करना होगा।
कई मोहल्लों में पाइपलाइन बिछाने का काम जारी
जल निगम नगरीय के अनुसार, आठ माह में 35 फीसदी कार्य पूरा हो चुका है। ओवरहेड टैंक का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। शहर के विभिन्न मोहल्लों में पाइपलाइन बिछाने का काम भी जारी है। संवाद
समय से पहले पूरा करने का लक्ष्य : अवर अभियंता
जल निगम नगरीय के अवर अभियंता शुभम ने बताया कि कार्य तेजी से चल रहा है। योजना का कार्य आधा पूरा होने वाला है। उन्होंने उम्मीद जताई कि योजना तय मियाद से पहले पूरी कर ली जाएगी।