पीलीभीत। संविदा बिजली कर्मचारियों ने पांच माह का मानदेय भुगतान न होने सहित विभिन्न समस्याओं के विरोध में बेमियादी हड़ताल शुरू कर दी। संविदा कर्मचारियों की हड़ताल सेे पांच विद्युत सब स्टेशनों से बिजली सप्लाई ठप हो गई। बिजली सप्लाई ठप होने से उपभोक्ताओं को भारी असुविधा हो रही है। खासतौर से परीक्षार्थियों को परीक्षा की तैयारी करने में असुविधा हो रही है। अधीक्षण अभियंता मनोज पाठक ने प्रदर्शनकारियों से वार्ता कर उनकी समस्याओं का समाधान कराने का आश्वासन दिया, लेकिन हड़ताली कर्मचारियों ने समस्याओं के समाधान के बाद ही हड़ताल समाप्त करने की चेतावनी दी।
बकाया मानदेय भुगतान न होने, ईवीएफ, बीमा की जानकारी न होने सहित अन्य समस्याओं को लेकर बिजली विभाग के संविदा कर्मचारी इससे पहले भी कई बार धरना प्रदर्शन कर चुके है। पांच माह का बकाया मानदेय भुगतान न होने, मानदेय सीधी खाते में न आने, ईवीएम, बीमा की कटौती की धनराशि की जानकारी न होने के विरोध में संविदा कर्मचारियों ने अधिशासी अभियंता कार्यालय के बाहर फिर बेमियादी हड़ताल शुरू की। हड़ताली कर्मचारियों ने समस्याओं का समाधान न होने तक आंदोलन जारी रखने की चेतावनी दी। संविदा बिजली कर्मचारियों की हड़ताल के चलते शेरपुरकलां, माधोटांडा, घुंघचाई, सकरिया, रमनगरा विद्युत उपकेंद्र के गांवों की बिजली सप्लाई मंगलवार को ठप रही। उधर, अधीक्षण अभियंता मनोज पाठक ने मंगलवार को अपराह्न पूरनपुर पहुंचकर हड़ताली कर्मचारियों को उनकी समस्याओं का समाधान कराने का आश्वासन दिया, लेकिन वे नहीं माने और समस्याओं का समाधान न होने तक बेमियादी हड़ताल जारी रखने की चेतावनी दी। समस्याओं को लेकर हड़ताली कर्मचारियों ने समस्याओं से संबंधित पांच सूत्रीय ज्ञापन भी अधीक्षण अभियंता को सौंपा। ज्ञापन में सितंबर माह से जनवरी माह तक का बकाया मानदेय भुगतान कराने, ऑनलाइन मानदेय भुगतान कराने, शासन नीति के तहत पोर्टल पर संविदा कर्मचारियों का विवरण दर्शाने आदि की मांग की। ज्ञापन देने वालों में शमशाद अली, सर्वेश शुक्ला, प्रमोद सैनी, संजीव कुमार, अरशद खां, राघवेंद्र सिंह, विकास त्रिवेदी, जाहिद अली, महेश कुमार, मुकेश कुमार आदि थे।