पीलीभीत। नगर पालिका प्रशासन बकाया टैक्स की वसूली को लेकर अब सख्ती के मूड में है। पालिका के टैक्स अनुभाग ने 10 हजार से अधिक के 191 बकायेदारों को अंतिम नोटिस जारी करते हुए तीन दिन की मोहलत दी है। तीन दिन के भीतर बकाया जमा न करने पर आरसी काटने की चेतावनी दी गई है।
वित्तीय वर्ष 2018-19 समाप्ति की ओर है। शासन ने इस बार नगर पालिका के टैक्स अनुभाग को 1.77 करोड़ रुपये बकाया वसूली का लक्ष्य दिया था। टैक्स विभाग के मुताबिक लक्ष्य के सापेक्ष अब तक 95 लाख रुपये वसूले जा चुके हैं। सरकारी विभागों पर अब भी 47 लाख रुपये बकाया हैं। इन सभी को रिमाइंडर भेजा जा रहा है। इधर, तहसील प्रशासन को गत वर्ष करीब 15 लाख रुपये की आरसी भेजी गई थीं, इनमें तहसील प्रशासन मात्र चार लाख रुपये ही वसूल सका है। कुछ दिन पहले पालिका की चेयरपर्सन विमला जायसवाल ने वसूली की समीक्षा के दौरान बड़े बकायेदारों को सूचीबद्ध करते हुए अभियान चलाकर वसूली करने के निर्देश दिए थे। टैक्स अनुभाग ने 10 हजार से अधिक के 191 बकायेदारों को सूचीबद्ध कर सभी को बिल और नोटिस भेजे थे, लेकिन करदाताओं ने बकाया जमा नहीं किया। इधर, अब टैक्स अनुभाग ने इन सभी बकायेदारों को अंतिम नोटिस जारी किया है। प्रभारी कर निर्धारण अधिकारी/आरआई करन पाल सिंह ने बताया कि 10 हजार से बड़े बकायेदारों को अंतिम नोटिस जारी कर तीन दिन का समय दिया गया है। तीन दिन में बकाया जमा न करने पर आरसी की कार्रवाई शुरू कर दी जाएगी।