गजरौला (पीलीभीत)। गजरौला क्षेत्र में घूम रहे बाघ खेतों की ओर लगातार चहलकदमी कर रहे हैं। गुरुवार सुबह चहलकदमी कर रहा बाघ क्षेत्र के विनौर फार्म की सीमा में पहुंच गया। सुबह फसल देखने खेत की ओर निकले ग्रामीणों की चहलकदमी कर रहे बाघ पर नजर पड़ी तो पसीने छूट गए। डर से सहमे ग्रामीणों ने जान बचाने के लिए गांव की ओर दौड़ लगाई।
टाइगर रिजर्व के बाहर घूम रहे बाघ आबादी क्षेत्र के निकट चहलकदमी कर किसानों के लिए दहशत का पर्याय बने हुए हैं। माला रेंज के बाहर गजरौला क्षेत्र के आधा दर्जन गांव की सीमा क्षेत्र में बाघ की चहलकदमी लगातार जारी है। गुुरुवार सुबह चहलकदमी कर रहा बाघ क्षेत्र के विनौर फार्म के निकट पहुंच गया। सुबह करीब नौ बजे गांव निवासी तेज बहादुर, दिलबाग सिंह और अमृत सिंह फसल देखने के लिए खेतों की ओर निकले। माला नदी के निकट पहुंचते ही उनकी नजर गन्ने के खेत से बाहर निकले बाघ पर पड़ी तो उनके होश उड़ गए। दहशत के चलते आननफानन में ग्रामीण जान बचाने को गांव की ओर दौड़ गए और जानकारी अन्य ग्रामीणों को दी। जिसके बाद ग्रामीणों की भारी भीड़ खेत की ओर पहुंच गई। शोर शराबा होने से बाघ यहां से वीरेंद्र जीत सिंह के खेत में होता हुआ माला नदी की ओर निकल गया। क्षेत्र में बाघ की यदाकदा चहलकदमी के चलते ग्रामीणों ने इसकी सूचना वन विभाग को नहीं दी है।