खेकड़ा (बागपत)
नगर क्षेत्र में आए दिन बंदरों के आतंक से परेशान नगरवासियों को राहत देने के लिए नगर पालिका ने मथुरा से बंदरों को पकड़ने के लिए टीम बुलाई। इससे अब जल्द ही लोग राहत महसूस करेंगे। रविवार को टीम ने जैन कालेज मार्ग से एक सौ से अधिक बंदरों को पकड़ा है।
नगर क्षेत्र के 25 वार्ड में जहां बंदरों का प्रतिदिन उत्पात मचा रहता है, वही रेलवे रोड, जैन कॉलेज रोड आदि स्थानों पर भी इनका आतंक रहता है। लोग अपनी छतों पर बंदरों के डर से सूखने के लिए कपड़ा डालना छोड़ दिए हैं। बंदर घरों से खाने वाली वस्तु और कपड़े उठा ले जाते हैं और बर्बाद कर डालते हैं। थाना, रेलवे स्टेशन, गांधी प्याऊ आदि के पास रहने वालों की दशा तो और भी खराब है। अगर कोई सावधान न रहे तो बंदर कब किसी का सामन छीन ले जाए कोई भरोसा नहीं। बंदरों द्वारा घायल करने पर नगर स्थित जैन बाल एकेडमी के दो बच्चों शिवा व रश्मि को दिल्ली भर्ती कराना पड़ा । इसके कारण स्कूल को सीडब्ल्यूसी का नोटिस भी मिला है, जिसका उनको जवाब देना है। इसके बाद नगर पालिका प्रशासन ने तेजी दिखाई।
बंदरों के आतंक से निजात दिलाने के लिए मथुरा से बंदरों को पकड़ने वाली टीम को बुलाया। नगर पालिका परिषद की चेयरमैन संगीता धामा ने बताया कि नगर क्षेत्र से जब तक पूरी तरह से बंदर पकडे़ नहीं जाते हैं तब तक यह अभियान चलता रहेगा। टीम ने रविवार को जैन कॉलेज क्षेत्र में अपना जाल बिछाकर बंदरों को पकड़ने का काम शुरू कर दिया। पहले ही दिन टीम के सदस्यों ने एक सौ से अधिक बंदरों को पकड़ा।
अमर उजाला का आभार जताया
अमर उजाला ने जैन बाल एकेडमी के दो बच्चों को बंदरों के काटने से घायल होने के समाचार को प्रमुखता से उठाया था। इसके बाद बाल कल्याण समिति सीडब्ल्यूसी की ओर से स्कूल को नोटिस मिला। इससे प्रशासन ने भी तेजी दिखाई और बंदर पकड़ने के अभियान में तेजी आई। इसके चलते नगर वासियों ने अमर उजाला का आभार जताया।