खेकड़ा (बागपत)।
जैन समाज के लोगों की शिकायत पर डीएम ने बीएसए को शांति नाथ जैन कन्या जूनियर हाई स्कूल की नियुक्ति प्रक्रिया रद्द कर स्कूल की पूरी पत्रावली दिखाने के निर्देश दिए हैं।
जैन समाज खेकड़ा के संरक्षक श्रीयांस कुमार जैन ने जिलाधिकारी को शिकायती पत्र देकर बताया कि नगर के छोटा बाजार में स्थित शांति नाथ जैन कन्या जूनियर हाई स्कूल कई साल पुरानी संस्था है। आरोप है कि संस्था में करीब चार दशक से कार्यकारिणी का चुनाव नहीं हुआ है। पुराने अधिकांश पदाधिकारी व सदस्य की मृत्यु हो चुकी है। नए बनाए नहीं गए। अब एक दो ही जीवित बचे हैं। उन्होंने बताया कि स्कूल में छात्र छात्रा भी नाम मात्र को ही बचे हैं। ऐसे में अज्ञात कालातित कार्यकारिणी ने चार सहायक अध्यापिकाओं की नियुक्ति की सूचना निकाली। तथ्यों की जानकारी के बाद भी बेसिक शिक्षा विभाग ने भी मंजूरी दे दी। आरोप है कि साक्षात्कार से पहले सब तय कर लिया। एक साक्षात्कार की तिथि 31 अक्टूबर रख दी।
शिकायतकर्ता श्रीयांस कुमार जैन, नगीन जैन, संजीव जैन, जुगमंदर दास जैन, नरेश चंद जैन, अरूण जैन, सुशील कुमार जैन, पुनीत कुमार जैन, बीना जैन, कमलेश जैन, ममतेश जैन, अनिता जैन आदि ने डीएम को बताया कि अवैध रूप से नियुक्ति कराने का प्रयास दो वर्ष पहले भी हो चुका है। तब भी तत्कालीन जिलाधिकारी ने नियुक्ति रदद कर जांच बैठा दी थी। डीएम ऋषिरेंद्र कुमार ने पूरे प्रकरण को ध्यान से सुना और प्रक्रिया पर तत्काल प्रभाव से रोक लगाकर बीएसए को स्कूल की पूरी पत्रावली लेकर तलब किया।