दिन भर छाए बदरा फुहार बन बरसे
हल्की फुहार से मौसम खुशनुमा, तापमान में भी गिरावट
अमर उजाला ब्यूरो
पीलीभीत। तीन दिन से गर्मी से परेशान लोगों के चेहरे पर मौसम में आए बदलाव ने मुस्कान बिखेर दी। शनिवार को पूरे दिन काले बादल छाए रहे, लेकिन बदरा जम कर नहीं बरसे। हल्की फुहार से मौसम खुशनुमा जरूर हो गया, तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई। मौसम के बदले मिजाज का लोगों ने जमकर लुत्फ उठाया।
आग उगलते सूरज की गर्मी से झुलसते और उमस से पसीने में तर बतर दिखने वाले लोगों ने शनिवार को राहत महसूस की। वह सुबह से ही खुश दिखाई दिए। काले बदरा छाए रहने के कारण किसानों के साथ-साथ आमजन बारिश की उम्मीद लगाए बैठे थे। इस बीच बदरा तो बरसे लेकर जमकर नहीं। सुबह हुई हल्की बूंदाबांदी के बाद दिनभर मौसम में बदलाव के कारण लोगों को जहां गर्मी से राहत मिली, वहीं बाजारों में भी दिनभर रौनक रही। लो वोल्टेज की समस्या भी मौसम के बदलते ही कई इलाकों में खत्म हो गई। पिछले तीन दिन से भीषण गर्मी के कारण जो लोग घरों से बाहर नहीं निकल रहे थे, वह भी बाजार में अपना काम निपटाते दिखे। दिन ढलने के साथ-साथ काले बदरा छाए रहने का सिसलिला देर शाम तक जारी रहा। झमाझम बारिश की उम्मीद लगाए बैठे लोगों के हाथ निराशा लगी। किसान भी बारिश नहीं होने के कारण चिंतित है। धान की फसल के लिए बारिश का होना जरूरी बताया गया है। इस बार औसत से कम हुई बारिश से किसानों के साथ-साथ हर कोई निराश है।