बीटीसी प्रशिक्षुओं ने किया बिजली विभाग के विरोध में प्रदर्शन
अमर उजाला ब्यूरो
बीसलपुर। डायट के बीटीसी प्रशिक्षुओं ने संस्थान में लो वोल्टेज की समस्या को लेकर बुधवार दोपहर संस्थान परिसर में बिजली विभाग के विरोध में प्रदर्शन और नारेबाजी की।
जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) के बीटीसी प्रशिक्षार्थी बुधवार को दोपहर 12 बजे संस्थान परिसर में जमा हुए और बिजली विभाग के विरोध में प्रदर्शन, नारेबाजी करने लगे। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि विभागीय अधिकारियों की हीलाहवाली के चलते संस्थान में पिछले काफी समय से लोग वोल्टेज की समस्या बनी हुई है। इसके कारण आजकल भीषण गर्मी में प्रशिक्षुओं को प्रशिक्षण प्राप्त करने में काफी दिक्कत होती है। प्रदर्शनकारियों में बिजली विभाग के प्रति रोष है। प्रदर्शनकारियों ने आधा घंटे बाद प्रदर्शन तब खत्म किया जब संस्थान के शिक्षक आदेश गंगवार ने बिजली विभाग के अधिकारियों से वार्ता कर उनकी समस्या का अतिशीघ्र निस्तारण कराने का आश्वासन दिया। प्रदर्शन करने वालों में विमल कुमार, संजय बग्गा, सूरज कुमार, अमरपाल सिंह, सिद्धार्थ कुमार, राजकिरन, नेमकुमार तिवारी, सुमित पांडेय, केशव दीक्षित, नवज्योति, प्रगति कुमारी, पूजा, निधि, रुचि, शुभांगी और अविनाश आदि प्रशिक्षार्थी शामिल थे।