गुणवत्ता खराब बताकर फेल किया किसानों का गेहूं
क्रासर...
एडीएम ने जांच को बनाई पांच सदस्यीय कमेटी
13 पीबीटीपी 33
अमर उजाला ब्यूरो
पीलीभीत। खरीद सीजन खत्म होने से तीन दिन पहले क्रय केंद्र पर पहुंचे गेहूं को क्रय केंद्र प्रभारी ने रिजेक्ट कर दिया। इस पर किसानों ने एडीएम से शिकायत कर गेहूं खरीदवाने की मांग की। एडीएम ने गेहूं की जांच के लिए पांच सदस्यीय कमेटी गठित की है।
जिले में इस बार गेहूं की बंपर खरीद हुई है जिसके चलते खरीद का आंकड़ा लक्ष्य के पार पहुंच गया है। इसके बाद भी किसान गेहूं लेकर क्रय केंद्रों पर पहुंच रहे हैं। मंगलवार को अलग क्षेत्रों से पांच ट्राली गेहूं एसएमआई-प्रथम के क्रय केंद्र पर पहुंचा। जांच के दौरान केंद्र प्रभारी शेखर मौर्य ने गुणवत्ता खराब होने के चलते इस गेहूं को रिजेक्ट कर दिया। इस पर किसान गेहूं का नमूना लेकर एडीएम के पास पहुंचे। एडीएम ने मामले के निपटारे के लिए पांच सदस्यीय टीम गठित की जिसमें मंडी, खरीद एजेंसी के अलावा एफसीआई के अधिकारी व किसान को शामिल किया गया। बुधवार को दोपहर बाद इस गेहूं की जांच शुरू की गई जो शाम तक जारी रही। इस बाबत किसानों का कहना है कि लक्ष्य पूरा होने के चलते अब प्रशासन गेहूं खरीदना नहीं चाह रहा है इसलिए किसानों को परेशान किया जा रहा है। वहीं दूसरी ओर केंद्र प्रभारी शेखर मौर्य ने बताया कि एक गेहूं में कीड़ा लगा हुआ है जबकि दूसरे गेहूं में 12 प्रतिशत सिकुड़न है जबकि मानक छह प्रतिशत का है। एक ट्राली का गेहूं बारिश में भीग गया है जिससे उसकी रंगत बिगड़ गई है। उन्होंने बताया जांच की जा रही है। कमेटी जांच गेहूं पास कर देगी उसे तौल लिया जाएगा।
0000
सवाल एक ही क्रय केंद्र पर क्यों पहुंच रही ट्रालियां
गेहूं खरीद के समय निरीक्षण को पहुंचे मंडलायुक्त ने मंडी सचिव को मंडी परिसर पहुंचने वाली ट्रालियों को सभी क्रय केंद्रों पर नंबर के अनुसार भेजने के निर्देश दिए थे लेकिन हैरानी की बात यह है कि मंडी में 11 क्रय केंद्र होने के बाद भी सभी पांच ट्रालियां एक ही क्रय केंद्र क्यों पहुंच गई।
00000
गेहूं की जांच के लिए कमेटी बनाई गई है। जांच में क्वालिटी ठीक मिलने पर खरीद कराई जाएगी। सभी किसान एक ही क्रय केंद्र पर कैसे पहुंच गए। यह किसान ही बता सकते हैं। मंडी प्रशासन को इस पर ध्यान देना चाहिए। - बृजकिशोर, एडीएम/जिला खरीद प्रभारी