नहीं सुधरे हालात, अधिवक्ताओं ने लगाया जाम
पीडब्ल्यूडी के विरोध में जमकर की नारेबाजी
बरेली रोड के निर्माण की धीमी गति के खिलाफ किया प्रदर्शन
अमर उजाला ब्यूरो
बीसलपुर। बरेली रोड का निर्माण कार्य बेहद धीमी गति से कराए जाने के खिलाफ शुक्रवार को अधिवक्ताओं का गुस्सा सड़क पर दिखाई दिया। गुस्साए अधिवक्ताओं ने सुबह साढ़े 11 बजे सीओ कार्यालय के सामने जाम लगाकर नारेबाजी की। इस दौरान पीडब्ल्यूडी के अफसरों पर लापरवाही का आरोप लगाया गया।
मुंसिफ कोर्ट के कई अधिवक्ता शुक्रवार सुबह सीओ कार्यालय के सामने एकत्र हुए। इसके बाद उन्होंने कई बार शिकायत करने के बाद भी बरेली रोड का निर्माण कार्य तेज गति से न होने पर जाम लगाकर नारेबाजी शुरू कर दी। उनका आरोप था कि पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों की अनदेखी के चलते निर्माण कार्य को लेकर मनमानी की जा रही है। इधर, जनता को आवागमन में काफी दिक्कत होती है। जिसका कोई अफसर सुध नहीं ले रहा है। इसकी सूचना मिलने पर एसडीएम सूरज कुमार यादव, सीओ प्रवीन मलिक, कोतवाल मनोज कुमार त्यागी मौके पर पहुंचे और बातचीत कर अधिवक्ताओं को आश्वासन देकर शांत कराया। अधिवक्ताओं ने एसडीएम को ज्ञापन देकर प्रदर्शन समाप्त किया। प्रदर्शन करने वालों में मुंसिफ बार एसोसिएशन के अध्यक्ष मुकुल मिश्रा, कमलेश सिंह, सुबनेश पाठक, रवि सक्सेना, मोहम्मद तारिक, अशोक जायसवाल, श्यामकृष्ण, महेंद्र कुमार वर्मा, सर्वेश सक्सेना, अशोक अग्रवाल, चिरौंजी लाल गंगवार, सुशील सक्सेना, सियाराम माथुर, सुरेंद्र चौहान आदि है।