जहानाबाद क्षेत्र में आग लगने से नष्ट हुई गेहूं की फसल। स्रोत ग्रामीण
जहानाबाद। थाना क्षेत्र में रविवार को गेहूं की खड़ी फसल में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग से करीब 30 बीघा गेहूं की फसल जलकर नष्ट हो गई। पीड़ित किसानों ने कंबाइन से कटाई कराने से मना करने पर कुछ लोगों पर उनकी फसल में आग लगाने का आरोप लगाकर थाने में तहरीर दी है।
जहानाबाद कस्बे के मोहल्ला मनिहारान निवासी चुन्नी लाल, दिनेश, जमुना प्रसाद, बाबूराम, हरिओम, डाल चंद्र, मनोज, मझले, नन्हे लाल आदि पीड़ित किसानों का कहना है कि उनके खेतों में गेहूं की फसल पकी खड़ी थी। रविवार सुबह करीब 11:30 बजे मोहल्ले के ही चार लोग अपनी पिकअप के पास बैठे थे। ये लोग कंबाइन मशीन से गेहूं की कटाई का काम करते हैं। आरोप है कि किसानों ने अपनी फसल की कटाई इनसे कराने से इन्कार कर दिया था। आरोप है कि इसी बात से नाराज होकर आरोपियों ने पिकअप के पास से ही गेहूं की खड़ी फसल में आग लगा दी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और आसपास के खेतों को भी अपनी चपेट में ले लिया।
सूचना पर पहुंचे फायर ब्रिगेड कर्मियों ने ग्रामीणों की मदद से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। करीब 30 बीघा गेहूं की फसल नष्ट हो गई और नन्हे लाल की साइकिल भी आग में जलकर नष्ट हो गई। पीड़ितों के अनुसार, आग से लाखों का नुकसान हो गया। घटना की सूचना पर राजस्व विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर नुकसान का आंकलन किया। पीड़ितों ने थाने पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ नामजद तहरीर दी है और सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
थाना प्रभारी प्रदीप कुमार विश्नोई ने बताया कि मामले में जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी। संवाद