पीलीभीत। परिषदीय विद्यालयों में स्कूल चलो अभियान के तहत वित्तीय वर्ष 2026-27 में 26 हजार बच्चों के दाखिले कराए गए हैं। इसमें कक्षा एक में करीब 14 हजार 239 बच्चों के दाखिले कराए गए हैं। वहीं, ग्रीष्मकालीन अवकाश के बाद इन सभी बच्चों का शैक्षिक सत्र को शुरू किया जाएगा।
जिले के सात ब्लॉकों में कुल 1499 परिषदीय विद्यालयों का संचालन किया जा रहा है। इन सभी विद्यालयों में करीब एक लाख 43 हजार सात सौ बच्चे पंजीकृत हैं। विद्यालयों में शैक्षिक गुणवत्ता में सुधार के लिए शासन स्तर से लगातार सुधार किए जाने के निर्देश दिए जाते हैं। ऐसे में परिषदीय विद्यालयों में भी नामांकन बढ़ाई जाए सके। इसको लेकर शासन स्तर से स्कूल चलो अभियान चलाया जा रहा है, जिसमें शिक्षक घर-घर जाकर स्कूली बच्चों का नामांकन कराने पर जोर देंगे। साथ ही उन्हें शिक्षा ग्रहण के लिए प्रेरित करेंगे।
वित्तीय वर्ष 2026-27 में स्कूल चलो अभियान के तहत करीब एक महीने का शासन के आदेश पर अभियान चलाया गया। इस अभियान के अंतर्गत सभी विद्यालयों के शिक्षकों की ओर से करीब 26 हजार 467 बच्चों के दाखिले कराए गए। इसमें कक्षा एक में करीब 14 हजार 239 बच्चों का दाखिला कराया गया है। इनका शिक्षण कार्य भी शुरू हो गया, लेकिन अभी ग्रीष्मकालीन अवकाश के बाद दोबारा से इनका शिक्षण कार्य शुरू कराया जाएगा।
बीएसए रोशनी यादव ने बताया कि स्कूल चलो अभियान के तहत करीब 26 हजार से अधिक बच्चों के दाखिले कराए गए हैं। अवकाश के बाद इनका शिक्षण कार्य शुरू हो जाएगा। एक जुलाई से स्कूल खुलने के बाद कक्षा एक में दाखिला कराने वाले बच्चों की संख्या में इजाफा होने की बात कही। संवाद