बरखेड़ा। ठगों ने बंद पड़ी बीमा पॉलिसी को दोबारा शुरू करने का झांसा देकर एक व्यापारी से हजारों रुपये की ठगी कर ली। ठगी का अहसास हुआ तो पीड़ित ने थाने में तहरीर दी है। ठग ने व्यापारी को काॅल कर खुद को अधिकारी बताया था। पुलिस ने मामले की जांच शुरू की है।
कस्बे के वार्ड संख्या नौ निवासी किराना व्यापारी रईस अहमद ने पुलिस को तहरीर दी। इसमें बताया कि वर्ष 2023 में उन्होंने एक निजी कंपनी से लाइफ इंश्योरेंस की एक पॉलिसी ली थी। उन्होंने पहली किस्त के रूप में 30 हजार जमा किए थे। आर्थिक कारणों से वह आगे की किस्तें नहीं जमा कर सके और पॉलिसी बंद हो गई। पीड़ित का कहना है कि एक महिला का फोन आया, जिसने खुद को बीमा कंपनी से संबंधित बताया। उसने झांसा दिया कि यदि वह कुछ राशि जमा करते हैं, तो उनकी पुरानी पॉलिसी फिर से शुरू हो जाएगी। इसके बाद एक अन्य फोन आया। फोन करने वाले ने अपने को अधिकारी बताकर दावा किया कि एक किस्त जमा करते ही उनका मूलधन और ब्याज मिलाकर कुल 83 हजार रुपये अगले ही दिन उनके खाते में वापस आ जाएंगे।
झांसे में आकर उन्होंने बैंक ऑफ बड़ौदा के खाते से बताए गए नंबर पर 23 हजार 504 रुपये ट्रांसफर कर दिए। आरोपियों ने वादा किया था कि 15 मिनट के भीतर उन्हें कंप्यूटर जनित रसीद मिल जाएगी, लेकिन पैसे कटने के बाद न तो कोई रसीद मिली और न ही ठगों से दोबारा संपर्क हो पाया। संवाद