पीलीभीत। राष्ट्रीय आय एवं योग्यता आधारित परीक्षा रविवार को जिले के 11 परीक्षा केंद्रों पर शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। परीक्षा के लिए जिले के परिषदीय और मान्यता प्राप्त विद्यालयों के 2817 छात्र-छात्राओं ने आवेदन किया था। इनमें से 2178 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी, जबकि 639 अनुपस्थित रहे।
बीएसए रोशनी सिंह के निर्देश पर खंड शिक्षा अधिकारियों ने पात्र छात्र-छात्राओं के आवेदन भरवाए थे। रविवार को सुबह से ही विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर परीक्षार्थियों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। कई छात्र-छात्राएं अपने अभिभावकों के साथ केंद्रों पर पहुंचे। परीक्षा को लेकर विद्यार्थियों में उत्साह नजर आया। परीक्षा में सफल होने वाले छात्र-छात्राओं को कक्षा नौ से 12 तक प्रतिमाह एक हजार रुपये की छात्रवृत्ति दी जाएगी। इसके माध्यम से आर्थिक रूप से कमजोर मेधावी विद्यार्थियों को आगे की पढ़ाई जारी रखने में मदद मिलेगी। डीआईओएस विजय सिंह ने बताया कि 639 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। संवाद