चार तक खाली नहीं किया मेला मैदान, तो होगी कार्रवाई
पुलिस ने 25 अतिक्रमणकारियों के खिलाफ भेजी मुचलका पाबंद की रिपोर्ट
एडीएम, एएसपी ने बैठक लेकर दी हिदायत
अमर उजाला ब्यूरो
पूरनपुर। रामलीला मेला मैदान में पक्का निर्माण कर अतिक्रमण करने वाले अतिक्रमणकारियों की बैठक लेकर एडीएम, एएसपी ने चार अक्तूबर तक रामलीला मेला मैदान खाली करने की चेतावनी दी। चार अक्तूबर की शाम तक मेला मैदान खाली न होने पर अगली कार्रवाई शुरू होगी। कोतवाली पुलिस ने इन अतिक्रमणकारियों के खिलाफ मुचलका पाबंद करने की रिपोर्ट एसडीएम कोर्ट भेज दी है। अतिक्रमण न हटाने पर अब प्रशासन अतिक्रमणकारियों के खिलाफ एफआईआर कराएगा।
रामलीला मेला मैदान अतिक्रमणकारियों से खाली कराने को लेकर सोमवार को एडीएम बृजकिशोर, एएसपी रोहित मिश्र की अध्यक्षता में तहसील में बैठक बुलाई गई। बैठक में पक्की दुकानें बनाकर अतिक्रमण करने वाले 23 दुकानदारों को बुलाया गया। बैठक में एडीएम ने अतिक्रमणकारियों को चार अक्तूबर तक रामलीला मेला खाली करने की चेतावनी दी। कुछ दुकानदारों ने कोर्ट से स्टे होने का तर्क दिया। तब उनको बताया गया कि स्टे नहीं, कोर्ट ने नगर पालिका को उक्त दुकानदारों के पक्ष को छह सप्ताह में सुनने का आदेश दिया था। नगर पालिका से अतिक्रमणकारियों को नोटिस जारी किए गए, लेकिन कोई भी अतिक्रमणकारी अपना पक्ष रखने नहीं पहुंचा। बैठक में एसडीएम जेपी चौहान, सीओ कमल सिंह, तहसीलदार आशुतोष कुमार, नायब तहसीलदार अनुराग सिंह मौजूद रहे।