तेज हवा और बारिश ने उड़ाई शहर की बिजली
पेड़ों से टूटकर गिरी टहनियां बनीं वजह, कई मोहल्लों में सप्लाई ठप
रविवार को बिजली विभाग कराएगा तारों पर आ रहे पेड़ों की छटनी
अमर उजाला ब्यूरो
पीलीभीत। तेज हवाओं के साथ हुई बरसात ने मौसम का मिजाज तो बदल दिया लेकिन शहर के कई इलाकों में पहले से फैली अव्यवस्था के चलते बिजली संकट गहरा गया। टनकपुर हाईवे पर पेड़ों से टूटकर टहनियों के तारों में गिरने से फाल्ट हुए और बिजली गुल हो गई। रात भर बिना बिजली लोग परेशान होते रहे। दूसरे दिन शुक्रवार दोपहर तक सुधार कार्य पूरा होने के बाद सप्लाई सुचारू की जा सकी।
शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक हर गली और मुख्य मार्ग पर बिजली के तार पेड़ों की टहनियों के बीच से होकर गुजर रहे हैं। इसको लेकर कई बार पेड़ों की छंटनी कराने की मांग की गई लेकिन विभाग के अधिकारी सिर्फ आश्वासन देकर टालते चले गए। इसी लापरवाही के चलते एक बार फिर शहरवासियों को बिजली किल्लत का सामना करना पड़ा। बृहस्पतिवार रात को मौसम ने करवट ली। तेज हवाएं चली और बरसात हुई। इसके बाद टनकपुर हाईवे पर कई जगह पेड़ों की टहनियां टूटकर तारों पर गिर गई। इसके बाद न सिर्फ फाल्ट हुए बल्कि कई तार भी क्षतिग्रस्त हो गए। इसके बाद निरंजनकुंज कॉलोनी, अवध नगर कॉलोनी, सुभाष नगर, अंबेडकर नगर, जिला अस्पताल के आसपास के इलाकों में बिजली गुल हो गई। पहले तो लोग बरसात को लेकर हुई कटौती समझ इंतजार करते रहे, लेकिन बारिश रूकने के बाद भी सप्लाई न आने पर अधिकारियों-कर्मचारियों से संपर्क साधने का सिलसिला शुरू हो गया। इसमें बिजली जाने को लेकर जानकारी तो मिल गई, लेकिन समाधान रात में नहीं हो सका। दूसरे दिन शुक्रवार सुबह बिजली विभाग की टीमें फॉल्ट और क्षतिग्रस्त तारों को सुधारने के लिए पहुंची। एक-एक कर दोपहर बाद सभी इलाकों की सप्लाई सुचारू कर दी गई। वहीं मोहल्ला आसफजान, साहूकारा, डोरीलाल, सुनगढ़ी, नई बस्ती आदि में लो-वोल्टेज और बिजली की आंखमिचौनी ने लोगों को परेशान कर दिया।
000
आज भी झेलनी पड़ सकती है बिजली कटौती
पेड़ों की टहनियां गिरने से कुछ इलाकों की बिजली सप्लाई बाधित हो गई थी। इसका सुधार करा दिया गया है। रविवार को टनकपुर हाईवे और गांधी स्टेडियम रोड पर बिजली के तारों पर आ रहे पेड़ों की छंटनी कराई जाएगी। इस दौरान कुछ घंटों के लिए बिजली सप्लाई को बंद रखा जाएगा।
- रनवीर सिंह यादव, एसडीओ टाउन
00
नवनिर्मित हरीपुर विद्युत सब स्टेशन से शुरू हुई बिजली सप्लाई
पूरनपुर। नवनिर्मित हरीपुर के विद्युत सब स्टेशन से शुक्रवार को बिजली सप्लाई शुरू कर दी गई। कुर्रैया सब विद्युत स्टेशन का लोड कम कर कुछ गांवों को हरीपुर विद्युत उपकेंद्र से जोड़ा गया है। शाहजहांपुर से तहसील क्षेत्र में 2001 में 94 गांव को जोड़ा गया था। कई साल तक गांव पीलीभीत में होने के बाद भी बिजली सप्लाई शाहजहांपुर से की गई। बिजली विभाग की छोटी समस्याओं को लेकर गांव के लोगों को खुटार और शाहजहांपुर के चक्कर काटने पड़ रहे थे। करीब छह माह पहले पीलीभीत से बिजली सप्लाई शुरू की गई। इसमें कुछ गांव को घुंघचाई सब विद्युत उपकेंद्र से जोड़ा गया। कुर्रैया विद्युत सब स्टेशन का लोड कम करने को हरीपुर में एक विद्युत सब स्टेशन बनाया गया। अधिशासी अभियंता अरविंद कुमार ने बताया कि शुक्रवार को हरीपुर विद्युत सब स्टेशन से बिजली सप्लाई शुरू कर दी गई। रेलवे लाइन के उत्तर के गांव को हरीपुर विद्युत सब स्टेशन से जोड़ा गया है।