सुबह कोहरा, दिनभर चली शीत लहर, ठिठुरते रहे लोग
पीलीभीत। नए साल की शुरूआत से मौसम में उतार-चढ़ाव जारी है। बुधवार को सुबह घना कोहरा छाया रहा, जिससे सड़कों पर सन्नाटा पसरा दिखाई दिया। कोहरे में वाहनों की रफ्तार खासी धीमी रही। कोहरे के बीच सुबह करीब दस बजे हल्की धूप निकली तो लोगों को कुछ राहत मिलने की उम्मीद जागी, लेकिन दिन भर चली सर्द हवा धूप खिलने के बावजूद लोग ठंड से ठिठुरते रहे। बुधवार को अधिकतम तापमान 21 और न्यूनतम 8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
पहाड़ी क्षेत्रों में हो रही बर्फबारी के चलते बर्फीली हवा ने एक बार फिर अपना तीखा असर दिखाना शुरू कर दिया है। तीन दिन से तापमान में बदलाव देखा जा रहा है। बुधवार को दिन की शुरूआत घने कोहरे से हुई। कोहरे की वजह से राहगीरों को खासी दिक्कत का सामना करना पड़ा। सुबह को निकली धूप से लोगों को लगा कि ठंड से राहत मिलेगी, लेकिन शीतलहर के चलते लोग खासे परेशान रहे। सुबह सूर्य के दर्शन के बाद खिली धूप भी लोगों को ठंड से निजात नहीं दिला सकी। दोपहिया और तीन पहिया वाहनों से सफर करने वाले शीतलहर के कारण खासे परेशान नजर आए। दिन में बाजारों में कुछ रौनक रही, लेकिन शाम होते ही सड़कों पर सन्नाटा पसर गया।