- 31 मार्च तक ब्लॉक क्षेत्र के सभी गांव ओडीएफ कराने का लक्ष्य
- नए वित्तीय वर्ष में 7.18 करोड़ रुपये से होंगे मनरेगा कार्य
बीसलपुर। ब्लॉक सभागार में गुरुवार को दोपहर 12 बजे क्षेत्र पंचायत समिति (बीडीसी) की बैठक हुई, जिसमें छह महत्वपूर्ण प्रस्ताव पास किए गए। बैठक में कुछ विभागों के प्रतिनिधि नहीं पहुंचें, जिससे उन विभागों से संबंधित समस्याओं पर चर्चा नहीं हो सकी।
ब्लॉक प्रमुख तारावती गंगवार की अध्यक्षता में हुई बैठक में सबसे पहले पिछली बैठक की कार्यवाही की पुष्टि की गई। बैठक में खराब हैंडपंप सही कराने, 31 मार्च तक ब्लॉक क्षेत्र के सभी गांवों को ओडीएफ कराने, नए वित्तीय वर्ष में 7.18 करोड़ रुपये से मनरेगा कार्य कराने, स्वच्छ भारत मिशन का अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार कराने और सभी ग्राम पंचायतों में स्वच्छ शौचालयों को निर्माण कार्य पूरा कराने के प्रस्ताव पास किए गए। बैठक में गन्ना, चीनी मिल, मंडी, राजस्व, स्वास्थ्य, पीडब्ल्यूडी, बेसिक शिक्षा और विद्युत आदि विभागों के प्रतिनिधि नहीं पहुंचे, जिसके कारण इन विभागों से संबंधित समस्याओं पर चर्चा नहीं हो सकी। इन विभागों के प्रतिनिधियों के न आने से सदन के लोगों में काफी रोष देखा गया। बैठक में जल निगम, पंचायत, विकास, उद्यान, लघु सिंचाई, बाल विकास, कृषि और पशुपालन आदि विभागों के प्रतिनिधियों ने अपने अपने विभागों से संबंधित योजनाओं की जानकारियों दी और इन योजनाओं से लाभांवित होने का सुझाव दिया। बैठक का संचालन बीडीओ सीके श्रीवास्तव ने किया। बैठक में अधिकांश बीडीसी सदस्य और ग्राम प्रधान मौजूद थे।