प्रदेश के सहकारिता मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री मुकुट बिहारी वर्मा ने कहा कि प्रदेश में पशुओं के अवैध वध पर प्रतिबंध के कारण गांव-कस्बों में आवारा पशुओं की संख्या बढ़ गई है, इन पशुओं के लिए जल्द ही चरागाह बनाए जाएंगे। इसके लिए जल्द ही सभी गांव-कस्बों में माफिया के चुंगल में फंसी जमीनों को मुक्त कराया जाएगा, इन्हीं जमीनों पर चरागाह बनवाए जाएंगे। इससे इन पशुओं को भोजन मिल सकेगा। प्रभारी मंत्री सोमवार को यहां कलक्ट्रेट स्थित गांधी सभागार में ऋण मोचन सहित विभिन्न योजना के लाभार्थियों को प्रमाणपत्र वितरण समारोह में बोल रहे थे। इस मौके पर उन्होंने कई योजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण भी किया।
प्रदेश सरकार की ऋण मोचना योजना के तृतीय चरण में चयनित लाभार्थियों को प्रमाणपत्र वितरित करने के लिए आयोजित कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे प्रभारी मंत्री मुकुट बिहारी वर्मा ने कहा कि सरकार ऋण माफ नहीं कर रही, क्योंकि ऋण सरकार ने नहीं बल्कि बैंकों ने दिया, सरकार तो अपने खर्चों में कटौती करके बैंकों को किसानों की ओर से ली गई ऋण की धनराशि लौटा रही है, ताकि प्रदेश के किसान खुशहाल रह सकें। उन्होंने कहा कि खनन की समस्या के चलते निर्माण कार्य ठप होने की बात कहकर विरोधी सरकार पर तंज कस रहे हैं, जबकि खनन पर रोक भाजपा सरकार ने नहीं सुप्रीम कोर्ट ने अब तक की सरकारों के कारनामों को देखते हुए लगाई थी। बोले- खनन फिर शुरू होगा, लेकिन माफियागिरी हावी नहीं होगी। सरकारी नियमों के तहत खनन कराया जाएगा। प्रभारी मंत्री ने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार अपने वादों पर कायम है और उन्हें पूरा भी कर रही है। आप सरकार पर भरोसा रखिए। आपके भरोसे से ही देश आगे बढ़ रहा है।
इस मौके पर प्रभारी मंत्री ने ऋण मोचन, वृद्धावस्था पेंशन, विकलांग पेंशन, उज्जवला योजना, प्रधानमंत्री आवास के लाभार्थियों को प्रमाणपत्र एवं स्वीकृति पत्र प्रदान किए। इसके बाद 100 आंगनबाड़ी, 13 पीएचसी के शिलान्यास पट और डायट परिसर में बने आडीटोरियम, बिलसंडा के छात्रावास और दो पाइप पेयजल योजनाओं के लोकार्पण शिलापट का अनावरण करके किया। इससे पहले सीडीओ डॉ. दिनेश कुमार सिंह ने योजनाओं की जानकारी दी। कृषि उपनिदेशक डीबी सिंह ने आभार व्यक्त किया। संचालन कृषि वैज्ञानिक डॉ. एसएस ढाका ने किया। इस मौके पर डीएम शीतल वर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष सुरेश गंगवार, डीडीओ सुशील कुमार उपाध्याय, डीपीओ राजकपूर, पीओ डूडा अनामिका सक्सेना, प्रोबेशन अधिकारी संजय निगम, जिला कृषि अधिकारी उमेश साहू, जिला कृषि रक्षा अधिकारी डॉ. मुकेश गौतम सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।