खेकड़ा (बागपत)
स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के तत्वावधान में अंडर 19 ब्लाक स्तरीय क्रिकेट टीम के लिए खिलाड़ियों के चयन के लिए आयोजित ट्रायल में खेकड़ा क्रिकेट की टीम ने सेंट मैरी इंटर कॉलेज, रटौल की टीम को हराकर मैच जीत लिया। जल्द ही टीम के खिलाड़ियों का चयन होगा।
बृहस्पतिवार को स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के तत्वावधान में खेल स्टेडियम में जनपदीय अंडर 19 क्रिकेट प्रतियोगिता के लिए क्षेत्रीय टीम हेतु क्रिकेट ट्रायल प्रतियोगिता का आयोजन किया । इसका उद्घाटन एनआईएस कोच जितेंद्र कौशिक ने टास उछालकर किया। प्रतियोगिता में सेंट मैरी इंटर कॉलेज रटौल, जैन इंटर कॉलेज, किसान इंटर कॉलेज मवी कला, गांधी कॉलेज के खिलाड़ियों ने भाग लिया। इसमें दो टीमें रटौल एवं खेकड़ा की बनाई। रटौल की टीम ने पहले खेलते हुए निर्धारित सोलह ओवर में छह विकेट खोकर 53 रन बनाए। इसमें अश्वनी ने सोलह एवं सुनील ने ग्यारह रन का योगदान दिया। खेकड़ा की टीम ने जवाब में जुबेर के बत्तीस और अक्षय के आठ रन की बदौलत तीन विकेट खोकर जीत दर्ज कर सेंट मेरी इंटर कॉलेज की टीम को हरा दिया। मैच की अंपायरिंग सुनील ने की। इस दौरान पन्ना लाल भारती, अमित, योगेश, कुलदीप आदि मौजूद रहे। चयनित टीम के खिलाड़ी सोलह सितंबर को हरचंदमल जैन इंटर कॉलेज टीकरी में होने वाली जिला स्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिता में भाग लेंगे।