पूरनपुर। मोहल्ला रजागंज देहात में एक बरातघर के समीप रखा 250 केवीए का ट्रांसफार्मर रविवार रात ढाई बजे फुंक गया। इससे दो सौ से अधिक परिवारों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई।
इसी क्रम में फीडर नंबर दो में रविवार शाम पौने नौ बजे महिला चिकित्सालय के समीप फॉल्ट से आधा घंटा बिजली आपूर्ति ठप हुई। खराबी दूर कर बिजली आपूर्ति शुरू होते ही करीब 10 बजे फिर मोहल्ला ढका में सरकारी स्कूल के पास फाॅल्ट से बिजली आपूर्ति आधा घंटे ठप रही तो साढ़े 10 बजे महिला चिकित्सालय के पास फाॅल्ट होने से पौन घंटे आपूर्ति ठप रही।
रात 12 बजे मोहल्ला रजागंज में बरातघर के समीप फाॅल्ट से करीब एक घंटा आपूर्ति ठप रही तो रात एक बजे मोहल्ला रजागंज देहात में बरातघर के समीप फाॅल्ट से पौन घंटे बिजली ठप रही। यहां रात ढाई बजे बरातघर के पास ही रखा 250 केवीए का ट्रांसफार्मर फुंक गया। इससे दो सौ से अधिक परिवारों को दिक्कत आई। सोमवार सुबह पौने 10 बजे फिर फीडर नंबर दो में खराबी से आधा घंटा बिजली आपूर्ति ठप रही। संवाद
कांशीराम फीडर में दिक्कत आने से परेशान रहे उपभोक्ता
पीलीभीत। शहर में कांशीराम फीडर में दिक्कत आने से चंदोई इलाके की बिजली दो घंटे तक गुल रही। उपभोक्ता गर्मी में परेशान रहे।
दिन में कांशीराम फीडर के अंर्तगत चंदोई इलाके में पोल पर तारों में फाॅल्ट आ जाने से इलाके की बिजली गुल हो गई। बिजली गुल होने से उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ा। इस दौरान उपभोक्ताओं के घरों के इनर्वटर भी डाउन हो गए। इसके अलावा मोहल्ला सुनगढ़ी, छोटा खुदागंज, मोहल्ला हाथीखाना, खकरा, छोटी बाजार, गोदावरी स्टेट, एकता नगर, मोहल्ला देशनगर, वसुंधरा कॉलोनी, सुरभि कॉलोनी आदि इलाकों में ट्रिपिंग की समस्या रही। जेई जहांगीर आलम ने बताया कि जहां-जहां फाॅल्ट व लो वोल्टेज की सूचना मिली उन इलाकों में टीम भेज कर समाधान करा दिया गया।