पीलीभीत। शासन, प्रशासन ने लोकसभा चुनाव की तैयारी तेज कर दी हैं। निर्वाचन आयोग के निर्देश पर जिला स्तरीय अफसरों की बैठकों का दौर जारी है। खास बात यह है कि इस बार लोकसभा चुनाव में पारदर्शिता के लिए जिले की चारों विधानसभा क्षेत्रों के सभी 1538 बूथों पर ईवीएम के साथ वीवीपैट मशीन से मतदान होगा।
जिले में पहली बार वोटर वैरीफाइड पेपर ऑडिट ट्रैल (वीवीपैट) से मतदान होगा। अभी तक नगर निगम, विधानसभा और लोकसभा चुनाव इलेक्ट्रानिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) से होते रहे हैं। 2014 के बाद से ईवीएम को लेकर राजनीतिक दलों ने विरोध शुरू कर दिया। आरोप लगाया कि ईवीएम में छेड़छाड़ कर किसी एक दल को मतदान किया गया। लिहाजा इस बार निर्वाचन आयोग ने मतदान को और पारदर्शी बनाने के लिए वीवीपैट से चुनाव कराने का फैसला किया है। 2017 के चुनाव में ट्रायल के तौर पर इसे कुछ बूथों पर लगाया जाना था लेकिन तब यह संभव नहीं हो सका। अब 2019 लोकसभा चुनाव में जिले के सभी बूथों पर वीवीपैट से मतदान होगा। जिले में 1538 बूथों के सापेक्ष 2470 वीवीपैट मंगाई गई हैं। हैदराबाद से भेजी गई इन मशीनों की फर्स्ट लेवल चेकिंग का कार्य पूरा होने के बाद कर्मचारियों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। उप निर्वाचन अधिकारी बृज किशोर ने बताया कि मतदान को पारदर्शी बनांने के लिए हर बूथ पर ईवीएम से वीवीपैट जुड़ा रहेगा। तैयारी तेजी से चल रही है।