बीसलपुर। अमर उजाला की ओर से महिला सशक्तीकरण को लेकर चलाए जा रहे अपराजिता 100 मिलियन स्माइल अभियान के अंतर्गत नगर के एसकेजेपी गर्ल्स इंटर कॉलेज में सोमवार को महिला सशक्तीकरण पर गोष्ठी और निबंध प्रतियोगिता आयोजित की गई। गोष्ठी में जहां महिलाओं को मिले संवैधानिक अधिकारों पर चर्चा की गई, वहीं उनके उत्थान के लिए चलाई जा रही विभिन्न सरकारी योजनाओं, कार्यक्रमों की भी जानकारी दी गई। राजकीय महाविद्यालय की एनसीसी ऑफिसर लेफ्टीनेंट डॉ. अलका मेहरा ने छात्राओं से कहा कि वे विषम हालात में भी मानसिक संतुलन न खोएं। हौसला और समझदारी से काम लें। कार्यक्रम को लेकर छात्राओं में गजब का उत्साह देखा गया।
नगर के एसकेजेपी गर्ल्स इंटर कॉलेज में सोमवार को अमर उजाला के अपराजिता कार्यक्रम में राजकीय महाविद्यालय की एनसीसी ऑफिसर लेफ्टीनेंट डॉ. अलका मेहरा बतौर मुख्य अतिथि पहुंचीं। उन्होंने कहा कि महिलाएं शारीरिक रूप से तो पुरुषों से कमजोर हो सकती हैं, लेकिन अन्य किसी भी मामलों में वे पुरुषों से कम नहीं हैं। नारी को किसी के भी सहारे की जरूरत नहीं है। नारी पूरी तरह से सबल है। छात्राओं को स्थानीय समाचार पत्रों के माध्यम से स्थानीय समस्याओं के बारे में भी जानकारी हासिल करनी चाहिए। जानकारी छात्राओं का सबसे बड़ा हथियार है। जानकारी के अभाव मेें छात्राएं धोखा खा सकती हैं।
कोतवाली की एंटी रोमियो स्क्वायड प्रभारी सोनी शुक्ला ने बतौर विशिष्ट अतिथि कहा कि छात्राओं को यदि रास्ते में शोहदे छेड़ते हैं तो उनका डटकर मुकाबला भी करें और तत्काल पुलिस को सूचना भी दें। छात्राएं टेलीफोन नंबर 1090, 100 व 9454404092 पर सूचना दे सकती हैं। सूचना देते ही उनके पास तक पुलिस सहायता पहुंच जाएगी। छात्राएं नए वर्ष में संकल्प लें कि वे अपना भी बचाव करेंगी और अपने आसपास की महिलाओं का उत्पीड़न भी नहीं होने देंगी। छात्राओं को अभी जागरूक होने की जरूरत है। छात्राएं यदि अभी जागरूक नहीं हो पाई तो कभी जागरूक नहीं हो पाएंगी।
महिला एवं बाल कल्याण कार्यक्रम के मास्टर रिसोर्स पर्सन लक्ष्मीकांत शर्मा ने कहा कि समाज को स्वछंदता और स्वतंत्रता में अंतर समझते हुए नारी को स्वतंत्रता हेतु आगे बढ़ाना पड़ेगा। छात्राएं महिला उत्पीड़न की सूचनाएं जिला प्रशासन को दें, जिससे समय रहते उन पर कार्रवाई हो सके। अभिभावकों को अपने पुत्रों और पुत्रियों में भेदभाव नहीं करना चाहिए। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रधानाचार्य मीना कुमारी ने और संचालन शिक्षिका सीमा सक्सेना ने किया। कार्यक्रम में मंजू विश्वकर्मा, उर्मिला शर्मा, गीता सिंह, ऊषा गंगवार, जेवा, किरन, प्रीति गुप्ता, अनीता, गौरव शर्मा, दीपक, हरस्वरूप, भीमसेन एवं श्रीकृष्ण समेत स्टाफ के सभी लोग मौजूद रहे।
प्रतियोगिता में संध्या सक्सेना रहीं प्रथम
इस मौके पर नारी सुरक्षा विषय पर हुई निबंध प्रतियोगिता में कक्षा 11 की संध्या सक्सेना प्रथम, कक्षा 12 की भारती द्वितीय और कक्षा 11 की सुरभि सक्सेना तृतीय रहीं। प्रतियोगिता में विभिन्न कक्षाओं की 21 छात्राओं ने भाग लिया।
शपथ पत्र भरकर ली नारी गरिमा बनाए रखने की शपथ
कार्यक्रम के दौरान कॉलेज की सभी छात्राओं ने अमर उजाला द्वारा उपलब्ध कराए गए शपथ पत्र भरकर धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों समेत जीवन के सभी मोड़ों पर स्वयं और अपने परिवार की ओर से नारी गरिमा के प्रति गंभीरता, संवेदनशीलता और जिम्मेदारी से कार्य करने की शपथ ली। शपथ प्रधानाचार्य मीना कुमारी ने दिलाई।
अपराजिता कार्यक्रम साबित होगा मील का पत्थर
अमर उजाला का यह अपराजिता कार्यक्रम छात्राओं के लिए मील का पत्थर साबित होगा। इस तरह के कार्यक्रमों से छात्राओं का निर्भीकता से चलने का मार्ग प्रशस्त हो जाएगा। - भारती
लड़कियों का किया जाए उत्साहवर्धन
समाज में लड़कियों को अच्छी नजर से देखा जाना चाहिए और उनका उत्साहवर्धन किया जाना चाहिए। अमर उजाला का अपराजिता कार्यक्रम लोगों को यही संदेश दे रहा है। सभी लोगों को इस ओर विशेष ध्यान देना चाहिए। - प्रिया
कल्पना चावला से लें सीख
छात्रा कल्पना चावला ने विशेष प्रदर्शन कर पूरी दुनिया में अपना नाम रोशन कर दिया है। छात्राओं को कल्पना चावला के उदाहरण को ध्यान में रखते हुए ऊंचाईयां छूने का प्रयास करना चाहिए। ऐसी छात्राओं को निश्चित रूप से सफलता मिलेगी। - अंजलि
छात्राओं में निहित है सारी क्षमताएं
छात्राओं में सारी क्षमताएं निहित हैं। छात्राओं को केवल उन क्षमताओं को एहसास करने की आवश्यकता है। अमर उजाला का यह अपराजिता कार्यक्रम छात्राओं को उनमें निहित क्षमताओं को एहसास करा रहा है जो समाज के लिए गर्व की बात है। - ेफरीदा बी