रिछा रोड पर नगर पंचायत जहानाबाद कार्यालय के पास ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से बाइक सवार मजदूर की मौत हो गई। जबकि उसका साथी मामूली रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जहानाबाद थाना क्षेत्र के कंजानाथ पट्टी गांव निवासी 23 वर्षीय सुखदेव पुत्र तोताराम मजदूरी कर परिवार का भरण पोषण करते थे। मंगलवार सुबह वह काम के सिलसिले में गांव के ही जयदेव के साथ बाइक से पीलीभीत गए थे। दोपहर बाद दोनों बाइक से लौट रहे थे। बाइक सुखदेव हेलमेट पहनकर चला रहे थे। रिछा रोड पर जहानाबाद कस्बे में नगर पंचायत कार्यालय के पास पहुंचते ही बाइक को ट्रैक्टर-ट्रॉली ने टक्कर मार दी। हादसे में सुखदेव की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि जयदेव मामूली रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद से मजदूर के परिवार में चीख पुकार मच गई। पत्नी राजकुमारी का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक के एक साल का बेटा है। थानाध्यक्ष एसके सिंह ने बताया कि चालक को हिरासत में लेकर ट्रैक्टर-ट्रॉली पुलिस के कब्जे में है। तहरीर मिलने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।