लखनऊ में 29 को होगा भाजपा का सिख सम्मेलन, आज आएंगे मंत्री औलख
अमर उजाला ब्यूरो
पीलीभीत। भाजपा 29 अक्तूबर को लखनऊ के विश्वशरैया हॉल में प्रदेश भर के सिखों का सम्मेलन करेगी। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ होंगे। कार्यक्रम की तैयारियों की सफलता के लिए प्रदेश के सिंचाई एवं अल्पसंख्यक कल्याण राज्यमंत्री बलदेव सिंह औलख रविवार 21 अक्टूबर को सुबह नौ बजे लोनिवि के अतिथिगृह में सिख समाज की बैठक करेंगे।
प्रदेश भर के सिखों को लोकसभा चुनाव से पहले सरकार के पक्ष में एकजुट करने के लिए ब्रज क्षेत्र का संयोजक उत्तरप्रदेश पंजाबी अकादमी के सदस्य और राज्य निर्माण एवं श्रम विकास सहकारीसंघ के निदेशक गुरभाग सिंह को बनाया गया है। बलदेव सिंह औलख बीते एक पखवाड़े से तराई में सिखों से संपर्क कर कार्यक्रम की सफलता में जुटे हैं। मुख्यमंत्री के निर्देश पर प्रदेश के सिंचाई एवं अल्पसंख्यक कल्याण राज्य मंत्री सरदार बलदेव सिंह औलख रविवार सुबह नौ लोक निर्माण विभाग के अतिथिगृह में पहुंच रहे हैं। वह 29 अक्तूबर को लखनऊ में होने वाले सिख सम्मेलन की सफलता पर चर्चा करेंगे। स्वजातीय बंधुओं की बैठक लेकर सरकार की नीति और जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देंगे। जिले से जाने वाले सिख बंधुओं की सूची भी मोबाइल नंबर समेत तैयार कराई जा रही है। सिंचाई राज्यमंत्री रविवार को ही सुबह साढ़े दस बजे पूरनपुर नगर में भी सिख समुदाय की बैठक में भाग लेंगे।