सड़क पर बाघ देख बाइक सवार का छूटा पसीना
माला जंगल क्षेत्र से दमगढ़ी मार्ग पर बाघ की दस्तक, फार्म हाउस के निकट मिले पगचिह्न
अमर उजाला ब्यूरो
पीलीभीत। जिले में बाघ की दहशत कम होने का नाम नहीं ले रही है। अमरिया क्षेत्र में बाघ मंगलवार रात ग्राम रसूला में आबादी के करीब पहुंच गया। बाघ के पगचिह्न ग्रामीणों ने सुबह देखे तो होश उड़ गए। इसके अलावा माला रेंज जंगल से निकल कर एक बाघ रात में एक बाइक के सामने आ गया। इससे बाइक सवार के पसीने छूट गए।
जराकोठी। क्षेत्र के ग्राम दमगढ़ी निवासी बाइक सवार रेशम सिंह मंगलवार शाम सात बजे जराकोठी मार्ग से वापस गांव लौट रहे थे। रेशम सिंह के मुताबिक जैसे ही वह जंगल सीमा से बाहर निकले वैसे ही अचानक बाइक की रोशनी में मार्ग पर बाघ देख पसीने छूट गए। वाहन के पहिए थम गए। डर से सहमे किसान ने हिम्मत कर पांव के सहारे बाइक को पीछे की ओर खिसकाया। हालांकि बाइक की रोशनी के चलते पांच मिनट बाद बाघ मार्ग से उतरकर खेतों की ओर निकल गया। बाघ के हटने के बाद किसान आगे की ओर निकला। वहीं जंगल सीमा से सटे दरबारा सिंह के फार्म हाउस के पास भी बाघ की चहलकदमी दिखी, मौके पर बाघ के पगचिह्न भी मिले। सूचना पर डिप्टी रेंजर महेश चंद्र ने बताया कि जंगल से सटे क्षेत्र में बाघ की चहलकदमी देखते हुए ग्रामीणों को सतर्क करने के साथ उसकी निगरानी की जा रही है। बाघ होने पर तत्काल विभाग को सूचना देने की अपील की गई।
अमरिया। मंगलवार रात बाघ ग्राम रसूला में आबादी के करीब तक पहुंच गया। आबादी से मात्र 200 मीटर दूर बाघ के पगचिह्न ग्रामीणों ने सुबह देखे तो उनके होश उड़ गए। सूचना पर पहुंची निगरानी टीम ने बाघ के पगचिह्न ट्रेस करके ग्रामीणों को अलर्ट किया है। रसूला निवासी कमलजीत सिंह ने बताया कि बुधवार सुबह घर से मात्र दो सौ मीटर की दूरी पर खेत में लगी मोटर को चलाने गए थे। मोटर के पास नाली की मेड़ पर बाघ के ताजे पगचिह्न दिखाई दिए। इसके बाद उन्होंने गांववालों को बुला लिया। सूचना पर मुश्ताक अहमद, चेतन कुमार, डब्लूडब्लूएफ के प्रेमचंद मौर्या मौके पर पहुंचे और बाघ के पगचिह्न ट्रेस किए। वन टीम को ग्रामीणों की नाराजगी झेलनी पड़ी। ग्रामीणों का कहना था कि धान की कटाई के वक्त उनका खेतों में जाना मजबूरी है। ऐसे में बाघ की गतिविधियां बढ़ रही हैं और विभाग हाथ पर हाथ धरे बैठा है।