बेघरों को घर दिलाएगा आवास प्लस ऐप
प्रधानमंत्री आवास योजना की पात्रता सूची में छूटे लोगों को मिलेगा लाभ
अमर उजाला ब्यूरो
पीलीभीत। प्रधानमंत्री आवास योजना की पात्रता सूची से छूटे बेघरों के अच्छे दिन जल्द ही आने वाले हैं। सरकार ने आवास प्लस ऐप लांच कर बेघरों के लिए रास्ते खोल दिए हैं। ऐप के माध्यम से छूटे लोगों को पीएम आवास योजना में शामिल किया जा सकेगा। आवास प्लस ऐप के तहत सभी ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों से सर्वे कराया जा रहा है।
प्रधानमंत्री आवास योजना में चयन के लिए वर्ष 2011 की जनगणना को पात्रता का आधार माना गया था। बड़े पैमाने पर योजना के वास्तविक पात्रता के दायरे में आने वाले हजारों गरीब सिर्फ जनसंख्या सूची के खांचे में फिट न होने के कारण छूट गए थे। ऐसी दशा में पात्र गरीबों को योजना का लाभ देने के उद्देश्य से सरकार ने आवास प्लस ऐप को लांच किया है। ऐप के माध्यम से ब्लॉकवार पीएम आवास योजना से छूटे गरीबों को इसमें शामिल किया जाएगा। इसी माह की 25 तारीख तक छूटे हुए लोगों को जोड़ा जाना है। अफसर ब्लॉकवार समीक्षा कर सचिवों को प्रगति बढ़ाने पर जोर देने में लगे है।
000
मौके पर सत्यापन, मिले 15,603 लाभार्थी
आवास प्लस ऐप में ब्लॉकवार छूटे हुए गरीबों की संख्या की ऑनलाइन फीडिंग की जाती है। ब्लॉक लेवल पर आवासविहीन को सचिव को इसलिए अवगत कराना होता है। सचिव मौके पर आवासविहीन के दस्तावेजों को देखने के साथ ही उसकी पात्रता चेक करेगा। इसके बाद मौके ही सत्यापन कर मोबाइल में आवास प्लस ऐप डाउनलोड कर आवेदन कर दिया जाएगा। करीब दो माह में लाभार्थी के खाते में धनराशि पहुंच जाएगी। ब्लॉकों की अभी तक रिपोर्टिंग के मुताबिक जिले में अभी तक 15,603 लाभार्थी ऐसे मिले हैं। सर्वे के मुताबिक अमरिया ब्लॉक में 1897, बरखेड़ा में 2816, बीसलपुर में 626, ललौरीखेड़ा में 2949, मरौरी में 4183, बिलसंडा में 997 और पूरनपुर में 2135 लोगों को आवासविहीन चिह्नित किया गया है।
वर्जन-
आवास प्लस के तहत सभी ब्लॉकों में सचिवों के माध्यम से सर्वे कराने के बाद आवेदन कराए जा रहे हैं। सर्वे कार्य कराने के लिए 25 अक्तूबर तक का समय दिया गया है। इस अवधि में पीएम आवास से छूटे लोगों को जोड़ा जा रहा है। सर्वे समय से और सही तरीके से कराने के लिए ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं।
- अनिल कुमार, पीडी, डीआरडीए