गलत तरीके से स्थानांतरण कराने वाली शिक्षिका को बीएसए मेरठ ने वापस भेजा
अंतर जनपदीय स्थानांतरण में फर्जीवाड़े का मामला
अमर उजाला ब्यूरो
पीलीभीत। अंतर जनपदीय स्थानांतरण के तहत ऑनलाइन आवदेन में नियुक्ति तिथि में फेरबदल कर स्थानांतरण कराने वाली शिक्षिका सुकर्मा सिंह को बीएसए मेरठ ने रिलीव करते हुए वापस भेेज दिया। बीएसए के मुताबिक अब शिक्षिका को पूर्व तैनाती वाले स्कूल में भेजा जाएगा।
अंतर जनपदीय स्थानांतरण प्रक्रिया को लेकर बरखेड़ा ब्लाक के प्राथमिक विद्यालय लखनऊकलां में तैनात शिक्षिका सुकर्मा सिंह ने ऑनलाइन आवेदन किया था। महकमे के मुताबिक सुकर्मा की नियुक्ति नवंबर 2015 में हुई थी। शासन से निर्गत स्थानांतरण सूची में नाम आने के बाद शिक्षिका का स्थानांतरण उसके गृह जनपद मेरठ कर दिया गया। इस बीच शिक्षिका द्वारा गलत नियुक्ति तिथि दर्शाकर स्थानांतरण कराने की खबर सोशल मीडिया पर वायरल हुई तो विभाग ने भी तहकीकात की। इसमें शिक्षिका द्वारा नियुक्ति तिथि 2015 के स्थान पर 2005 दर्ज करना पाया गया। बीएसए डॉ. इंद्रजीत प्रजापति ने मामले को गंभीरता से लेते हुए शिक्षिका स्थानांतरण आदेश तत्काल निरस्त करते हुए बीएसए मेरठ को भी इसकी जानकारी दी। शिक्षिका समेत सत्यापन करने वाले बीईओ समेत तीन लोगों को जवाब तलब करते हुए बीईओ मदनलाल को बरखेड़ा से हटा दिया गया। इधर बीएसए मेरठ ने भी शिक्षिका का स्थानांतरण गलत पाते हुए उसे रिलीव कर दिया। बीएसए ने बताया कि शिक्षिका सुकुर्मा को बीएसए मेरठ ने रिलीव कर दिया है। अब उसे पुन: पूर्व तैनाती वाले स्कूल में भेजा जाएगा।