पीलीभीत। परिषदीय स्कूलों में छापामारी के दौरान कई दिनों से गैरहाजिर चल रहा शिक्षक बीएसए के साथ अभद्रता पर उतारू हो गया। बीएसए ने मामले की जानकारी डीएम को दी। डीएम ने शिक्षक को बर्खास्त करने के निर्देश दिए है। छापामारी के दौरान बीएसए को दो स्कूल बंद मिले।
बीएसए डॉ. इंद्रजीत प्रजापति ने मंगलवार को करीब आधा दर्जन परिषदीय स्कूलों में छापामारी कर शिक्षण व्यवस्था का जायजा लिया। प्राथमिक विद्यालय बारनवादा में निरीक्षण के दौरान शिक्षक धर्मेंद्र कुमार अनुपस्थित मिले। इस पर बीएसए ने उक्त शिक्षक का वेतन रोकने के निर्देश दिए। प्राथमिक विद्यालय ऐमी में शिक्षक जितेंद्र कुमार के गैरहाजिर मिलने पर उनका वेतन भी रोकने के निर्देश दिए। इस विद्यालय में शिक्षक चंद्र रश्मि के लंबे समय से गैरहाजिर मिलने की जानकारी दी गई। जिस पर बीएसए ने मामले की जांच करने के निर्देश दिए। प्राइमरी स्कूल कल्यानपुर खास के निरीक्षण के दौरान मिड डे मील की स्थिति संतोषजनक नहीं पाई। बच्चों को फल व दूध का वितरण होना भी नहीं पाया गया। जिस पर बीएसए ने कड़ी नाराजगी जताते हुए प्रधानाध्यापक शशिकांत शुक्ला की दो वेतन वृद्धि रोकने के निर्देश दिए। प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालय शाहगढ़ बंद मिले। यहां उन्होंने प्राथमिक विद्यालय के शिक्षक अनुराग पांडेय की दो वेतन वृद्धि व उच्च प्राथमिक विद्यालय के प्रधानाध्यापक सत्यपाल को निलंबित करने के निर्देश दिए। यहां ग्रामीणों ने इसी विद्यालय की शिक्षिका नलिनी गर्ग के कभी कभार ही स्कूल आने की जानकारी दी। जिस पर बीएसए ने शिक्षिका की दो वेतन वृद्धि रोकने के निर्देश दिए। बीएसए ने प्राथमिक स्कूल गुलड़िया बलकरनपुर का भी निरीक्षण किया। यहां बीएसए को शिक्षक कपिल सिंह के कई दिनों से गैरहाजिर मिलने की जानकारी हुई। बताते हैं कि बीएसए के पहुंचते ही उक्त शिक्षक उपस्थिति रजिस्टर में अपनी हाजिरी भरने लगा। बीएसए ने उपस्थिति रजिस्टर मांगा तो शिक्षक अभद्रता करने पर आमादा हो गया। बीएसए ने मामले की जानकारी डीएम को दी। बीएसए डॉ. इंद्रजीत प्रजापति ने बताया कि डीएम ने शिक्षक कपिल सिंह को बर्खास्त करने के निर्देश दिए हैं। वहीं लापरवाही बरतने वाले शिक्षक शिक्षिकाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।