अमरिया/पीलीभीत। शासन के निर्देश पर पंडित दीनदयाल उपाध्याय जन्म शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में तीन दिवसीय अन्त्योदय मेला एवं प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। शहर विधायक संजय गंगवार ने इसका शुभारंभ किया।
ब्लाक कार्यालय के निकट आयोजित मेले का शुभारंभ करते हुए शहर विधायक ने कहा कि सरकार की योजनाओं को जन जन तक पहुंचाने के लिए इस मेले का आयोजन किया गया है। जनता को 100 दिन में हुए विकास कार्यों की जानकारी विभाग वार दी जा रही है। इससे पूर्व उन्होंने फीता काटकर एवं पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर दीपजलाकर व माल्यार्पण कर मेला एवं प्रदर्शन का विधिवत शुभारंभ किया। इस मौके पर विधायक, डीएम व एसपी ने पौधरोपण भी किया। इसके बाद विधायक ने डीएम शीतल वर्मा एवं अन्य अधिकारियों के साथ मेले में लगी दुकानों व प्रदर्शनी का निरीक्षण किया। मेले में विभिन्न विभागों के स्टालों के अलावा सूचना एवं जनसंपर्क विभाग की ओर से नाटक एवं कटपुतली के माध्यम से स्वच्छ भारत मिशन अभियान एवं सरकार की योजनाओं की जानकारी दी गई। मेला एवं प्रदर्शनी में विधायक व डीएम के अलावा एसपी कलानिधि नैथानी, तहसीलदार नरेन्द्र कुमार, जिला सूचनाधिकारी बीपी गौतम, नरेंद्र कुमार, सुधीर कुमार चौधरी, निसार अहमद, अनीस अहमद, सर्वजीत सिंह, अशोक कुमार, रमेश कुमार गंगवार आदि मौजूद रहे।