पीलीभीत। पेयजल एवं स्वच्छता मंत्रालय के सचिव परमेश्वर नय्यर ने ओडीएफ के तहत चल रहे कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने ओडीएफ के लक्ष्य को हर हाल में हासिल करने के लिए डीएम एवं सीडीओ को क्षेत्र में निकलने के निर्देश दिए।
स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के तहत जिले को 31 दिसंबर तक खुले में शौच से मुक्त (ओडीएफ) बनाने का लक्ष्य रखा गया है। इसके तहत जिले में 1.62 हजार शौचालयों का निर्माण कराया जाना है। मंगलवार को केंद्र सरकार के पेयजल एवं स्वच्छता मिशन के सचिव ने वीडियो कांफ्रेंस कर समीक्षा की। उन्होंने कहा कि जो गांव ओडीएफ हो चुके हैं उनका शतप्रतिशत सत्यापन किया जाए। लक्ष्य के अनुसार प्रतिदिन बनने वाले शौचालयों की संख्या का औसत निकालकर उसके अनुरूप कार्य कराया जाए। यदि जरूरत पड़े तो राजमिस्त्रियों की संख्या बढ़ा दी जाए। इसके अलावा जिला स्तर व ब्लाक स्तर स्टाफ की कमी पूरा करने के लिए शीघ्र नियुक्तियां की जाएं ताकि काम प्रभावित न हो। इसके जियो टैगिंग (फोटो अपलोडिंग) भी समय से करते रहने के निर्देश दिए। समीक्षा में डीएम शीतल वर्मा, सीडीओ इंद्रदेव द्विवेदी, डीपीआरओ शशिकांत पांडेय, स्वच्छ भारत मिशन के जिला समन्वयक हेमेंद्र कुमार व नेहा सिंह मौजूद रहे।