पीलीभीत। यूपी बोर्ड परीक्षा के तहत मंगलवार से जिले के 73 परीक्षा केंद्रों पर शुरू हुईं मुख्य परीक्षा के पहले दिन शासन की सख्ती का खासा असर दिखाई दिया। शासन द्वारा नामित पर्यवेक्षक, जेडी समेत अन्य अफसर परीक्षा केंद्रों की परिक्रमा करते देखे गए। वहीं सेक्टर मजिस्ट्रेटों ने भी परीक्षा का जायजा लिया। मंगलवार को दोनों पालियों में परीक्षा हुई। पहली पॉली में 23684 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी, जबकि 2723 गैरहाजिर रहे। हाईस्कूल के 2719 परीक्षार्थियों ने मातृभाषा हिंदी की परीक्षा छोड़ दी।
हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षा यूं तो सात फरवरी से ही शुरू हो चुकी हैं, लेकिन मुख्य परीक्षा मंगलवार से शुरू हुई। परीक्षा केंद्रों के बाहर सुबह तड़के से ही गहमागहमी शुरू हो गई। कुछ अभिभावकों को सुबह सवेरे ही अपने बच्चों को परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाने के लिए मशक्कत करनी पड़ी। पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था के बीच परीक्षा केंद्रों पर आंतरिक सचल दलों ने परीक्षार्थियों की सघन तलाशी लेने के बाद ही उन्हें कक्षाओं में जाने दिया। परीक्षा केंद्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों और वॉयस रिकार्डर के चलते केंद्र व्यवस्थापक समेत अन्य स्टाफ पूरी तरह चौकन्ने दिखे। शासन द्वारा नामित पर्यवेक्षक/उपशिक्षा निदेशक एससीईआरटी राकेश कुमार ने डीआईओएस संतप्रकाश के साथ वैदिक कन्या इंटर कॉलेज जतीपुर, सनातन धर्म बांके बिहारी राम इंटर कॉलेज, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, ड्रमंड राजकीय इंटर कॉलेज आदि परीक्षा केंद्रों में परीक्षा का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने सीसीटीवी कैमरों, वॉयस रिकार्डर समेत अनुपस्थित परीक्षाथर्यों की जानकारी ली। संयुक्त शिक्षा निदेशक बरेली प्रदीप कुमार ने शहर के अवंतीबाई जिला पंचायत इंटर कॉलेज, एके इंटर कॉलेज न्यूरिया, जीआईजी न्यूरिया, चौधरी उमराव सिंह इंटर कॉलेज मझोला समेत आठ परीक्षा केंद्रों पर दोनों पालियों में ताबड़तोड़ छापा मारा। जिला प्रशासन द्वारा तैनात किए गए सेक्टर मजिस्ट्रेटों ने भी परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। डीआईओएस के मुताबिक दोनों पालियों में परीक्षाएं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई हैं। कहीं कोई अव्यवस्था की सूचना नहीं मिली है।