बाघ ने फार्म हाउस पर बछड़े को बनाया निवाला, दहशत
क्षेत्रीय वनाधिकारी टीम के साथ पहुंचे, जुटाई जानकारी
अमर उजाला ब्यूरो
जराकोठी/पीलीभीत। टाइगर रिजर्व की माला रेंज से सटे रायपुर गांव में आबादी के करीब एक बाघ पहुंच गया। बाघ ने वहां घूम रहे एक आवारा बछड़े पर हमला कर अपना निवाला बना लिया। ग्रामीणों से मिली सूचना पर रेंजर टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जानकारी जुटाई। घटना के बाद से गांव में बाघ की दहशत बनी हुई है।
जंगल की सीमा से बाहर निकलकर बाघों का हमला थमने का नाम नहीं ले रहा है। आए दिन कहीं न कहीं बाघ हमलावर हो रहे हैं। बृहस्पतिवार रात बाघ ने माला रेंज के जंगल से करीब एक किलोमीटर की दूरी पर स्थित माधोटांडा थाना क्षेत्र के गांव रायपुर में दस्तक दी। बाघ ने गांव निवासी मगजिंदर सिंह के फार्म हाउस के पास एक आवारा बछड़े को निवाला बना लिया। फार्म हाउस मालिक मगजिंदर सिंह ने बताया की देर रात घर के पास धान के खेत में बाघ के दहाड़ने की आवाज सुनाई दी। इस पर रात में तो वह बाहर नहीं निकले, लेकिन दूसरे दिन शुक्रवार सुबह जागने पर बाहर आकर चेक किया, तो खेत में आवारा बछड़े का अधखाया शव पड़ा मिला। इसकी जानकारी लगते ही गांव के काफी लोग जमा हो गए। बाघ की दस्तक को लेकर दहशत फैल गई। इसकी सूचना वन विभाग के अधिकारियों को दी गई। कुछ ही देर में माला रेंज के क्षेत्रीय वनाधिकारी डीके श्रीवास्तव टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। शव देख घटनास्थल का मौका मुआयना किया और ग्रामीणों से जानकारी जुटाई गई। बाद में बछड़े के शव को जंगल में दफन करवाया गया। बता दें कि करीब एक साल से संडई हाल्ट और रायपुर गांव में बाघ की चहलकदमी आए दिन होती रहती है। जिसका समाधान अभी तक वन महकमा नहीं तलाश सका है।
000
बाघ के हमले में बछड़े के मारे जाने की सूचना मिली थी। इस पर मौके पर पहुंच जानकारी की गई है। रायपुर एवं संडई हाल्ट गांव में बाघ शिकार की तलाश में बाहर निकल रहा है। स्थानीय लोगों को वन विभाग द्वारा अलर्ट किया जा रहा है। इसके अलावा निगरानी के लिए भी टीमें लगाई गई हैं।
- डीके श्रीवास्तव, रेंजर (माला रेंज)