खेकड़ा (बागपत)
रामलीला में राम के अग्नि बाण से अभिमानी और पापी रावण का वध होता है। रावण के जमीन पर गिरते ही पूरा पंडाल भगवान श्रीराम के जयकारों से गूंज उठा।
नगर के बाजार स्थित गांधी प्याऊ पर चल रही श्री धार्मिक रामलीला मंचन में अभिमानी रावण के पूरे परिवार का अंत हो जाता है। गुस्से और बदले की आग में रावण स्वयं युद्ध क्षेत्र में उतर जाता है। आखिर कार राम रावण का युद्ध होता है। विभीषण राम को बताते है कि रावण की नाभि में अमृत है। राम मंत्रोच्चार के साथ अग्नि बाण रावण की नाभि की ओर छोड़ देते हैं और रावण मारा जाता है। रामलीला मंचन में प्रधान पुनीत शर्मा, तरुण गुप्ता, पुष्पेंद्र कुमार, नवाब सिंह, डॉ. मनोज, सुनील रुहेला, मनोज जैन, प्रवेश शर्मा, मुकेश शर्मा, अनिरुद्ध गौड़, नरेश शर्मा, दीपक शर्मा, प्रेमशंकर, राजेंद्र यादव आदि मौजूद रहे।
आज होगा रावण के विशालकाय पुतले का दहन
खेकड़ा।
नगर में काठा मार्ग स्थित रामलीला मैदान में शुक्रवार शाम रावण के विशालकाय पुतले का दहन किया जाएगा। आयोजन कमेटी के प्रधान पुनीत शर्मा आदि ने बताया कि सुबह दस बजे रामलीला मैदान में भूमि पूजन होगा। रामलीला मैदान में पौधारोपण प्रारंभ किया जाएगा। दोपहर बाद राम सेना का जुलूस मंडी गांधी गंज से चलकर नगर का भ्रमण कर रामलीला मैदान पहुंचेगा। वहां राम रावण की सेना में युद्ध होगा और फिर रावण का दहन किया जाएगा।