30 व्यापारियों के पंजीकरण निरस्त, 40 रडार पर
समय पर टैक्स, रिटर्न दाखिल नहीं करने पर वाणिज्यकर विभाग ने की कार्रवाई
अमर उजाला ब्यूरो
पीलीभीत। समय पर टैक्स न भरने और रिटर्न दाखिल न करने वाले व्यापारी वाणिज्यकर विभाग की रडार पर हैं। विभाग ने सख्ती दिखाते हुए 30 व्यापारियों के पंजीकरण निरस्त करते हुए उनको नोटिस जारी कर दिया है। इनके अलावा करीब 40 व्यापारी और वाणिज्यकर विभाग की रडार पर हैं। अधिकारियों का कहना है कि विभाग यह कदम राजस्व पूर्ति और कामकाज में पारदर्शिता लाने के लिए उठाया है।
गुड्स एंड सर्विसेज टैक्स (जीएसटी) में टैक्स चोरी करने या टैक्स जमा करने या रिटर्न फाइल करने में लापरवाही बरतने वालों पर वाणिज्य कर विभाग ने सख्ती दिखाना शुरू की तो व्यापारी समय से रिटर्न दाखिल करने लगे। वाणिज्यकर विभाग के डिप्टी कमिश्नर अरुण पांडेय ने बताया कि विभाग की ओर से रिटर्न नहीं दाखिल करने वालों की गोपनीय तरीके से टीम जांच कर रही है। उन्होंने बताया कि अगर व्यापारी ने किसी माह का रिटर्न फाइल नहीं किया है, तो वह उसे अगले माह भर सकता है, लेकिन इससे पहले के टैक्स का भुगतान करना होगा। विभाग की सख्ती के बाद भी करीब 30 व्यापारियों ने रिटर्न दाखिल नहीं किया। जिसके चलते उनका पंजीकरण निरस्त कर दिया गया। करीब 40 व्यापारी विभाग और वाणिज्यकर विभाग की रडार पर हैं। इनको नोटिस जारी करने के प्रक्रिया विभाग ने शुरू कर दी है। जिन व्यापारियों का पंजीकरण निरस्त किया गया है उनसे जुर्माना भी वसूला जाएगा।