दवा लेने जा रही विवाहिता से छेड़छाड़, विरोध पर पीटा
क्रासर
गांव के तीन लोगों पर चार दिन पहले दिनदहाड़े छेड़छाड़ का आरोप, रिपोर्ट
अमर उजाला ब्यूरो
बरखेड़ा। दवा लेने जा रही विवाहिता को रास्ते में रोककर गांव के तीन युवकों ने छह जून की सुबह छेड़छाड़ की। इसका विरोध करने पर आरोपियों ने मारपीट की और जातिसूचक शब्दों का प्रयोग कर धमकाते हुए भाग गए। पुलिस ने तहरीर के आधार पर रविवार को तीनों आरोपियों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज की है।
थाना क्षेत्र की रहने वाली एक विवाहिता ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसका अपने पति से विवाद चल रहा है। इसके चलते वह काफी समय से अपने मायके रह रही है। छह जून 2018 को सुबह करीब साढ़े ग्यारह बजे वह दांत दर्द की दवा लेने घर से निकली। आरोप है कि गांव में एक किराना की दुकान के पास पहुंचते ही टिंकू, रघुनंदन और चंद्रका बाबू ने उसको रोककर छेड़छाड़ शुरू कर दी। इसका विरोध करने पर मारपीट की गई। पीड़िता के शोर मचाने पर आसपास के कई लोग जमा हो गए। इस पर आरोपी जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए धमकी देकर भाग गए। थाना प्रभारी मनोज कुमार त्यागी ने बताया कि रविवार को मिली तहरीर के आधार पर तीनों आरोपियों के खिलाफ छेड़छाड़, मारपीट व एससी एसटी एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज की गई है। मामला संदिग्ध है, जांच कर कार्रवाई की जाएगी।