खनन माफियाओं पर होगी गुंडा एक्ट की कार्रवाई
क्रासर
एसपी ने मातहतों को दिए निर्देश, सीओ करेंगे मॉनीटरिंग
क्रासर...
थाना पुलिस सूचीबद्ध कर रिपोर्ट बनाने में जुटी
अमर उजाला ब्यूरो
पीलीभीत। अवैध खनन को लेकर शासन स्तर से बरती जा रही सख्ती का असर अब जिला स्तर पर भी दिखाई देने लगा है। बीते दिनों की गई अवैध खनन के मामलों की धरपकड़ के बाद अब खनन माफियाओं पर कानूनी शिकंजा कसेगा। उन पर गुंडा एक्ट की कार्रवाई की जाएगी। एसपी से निर्देश मिलने के बाद थाना पुलिस सूची बनाकर रिपोर्ट तैयार करने में जुट गई है।
सूबे के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अवैध खनन को लेकर काफी सख्त है। कई जिलों के पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों पर अवैध खनन की गाज भी गिर चुकी है। जिसके बाद जिला स्तर पर भी धरपकड़ तेज की गई। एसपी बालेंदु भूषण सिंह के निर्देश पर बिलसंडा, जहानाबाद समेत कई थाना क्षेत्रों में पुलिस ने भारी मात्रा में बरामदगी करते हुए अवैध खनन से जुड़े मामले पकड़े थे। पकड़े गए वाहनों को कब्जे में लेने के साथ ही आरोपियों को रिपोर्ट दर्ज कर जेल भेजा गया। अब पकड़े गए खनन माफियाओं पर गुंडा एक्ट की कार्रवाई की जाएगी। एसपी ने समस्त थाना प्रभारियों को इसके लिए विभागीय कार्रवाई को अतिशीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए हैं। सर्किल अफसरों को कार्रवाई की मॉनीटरिंग की जिम्मेदारी दी गई है। एसपी ने बताया कि खनन माफियाओं पर गुंडा एक्ट कार्रवाई करने के लिए निर्देश दिए गए हैं। इसको लेकर विभागीय कार्रवाई सर्किल अफसरों की निगरानी में शुरू करा दी गई है।