सीओ चकबंदी का घेराव, एसीओ का पुतला फूंका
चकबंदी सीओ का घेराव कर सुनाई खरी-खोटी
08 पीबीटीपी 19
अमर उजाला ब्यूरो
घुंघचाई (पीलीभीत)। चकबंदी में गड़बड़ी की शिकायत पर जांच को पहुंचे चकबंदी सीओ का किसानों ने घेराव कर जमकर खरी-खाटी सुनाई। आक्रोशित किसानों ने गड़बड़ी दुबारा होने पर आंदोलन की चेतावनी दी। गांव पिपरिया मझरा में चकबंदी में गड़बड़ी के आरोप पर दो पक्षों में मारपीट हुई। इसमें तीन किसान घायल हुए। आक्रोशित एक पक्ष के किसानों ने प्रदर्शन कर एसीओ चकबंदी का पुतला फूंका।
चकबंदी के दौरान गड़बड़ी की शिकायत पर शुक्रवार को गांव गुलड़िया भूपसिंह मेें सीओ (चकबंदी) प्रमोद कुमार ने पहुंचकर जांच शुरू की। इस दौरान एकत्र हुए किसानों ने जांच में क्लीनचिट देने के प्रयास का आरोप लगाते हुए उनका घेराव किया। सीओ का कहना था कि पहले गड़बड़ी हुई थी। इस पर टीम को बदलकर दूसरी टीम लगाई गई है। अब जो भी हो रहा है सही है। इस पर गुस्साए किसानों ने सीओ को जमकर खरी-खोटी सुनाई। इसके बाद आक्रोशित किसानों ने उनके खिलाफ प्रदर्शन किया। प्रदर्शन करने वालों में प्रशांत कुमार, धु्रव, गोमती देवी, रामपाल, राजेंद्र, कुलदीप आदि थे।
उधर, गांव पिपरिया मझरा में बृहस्पतिवार को किसानों ने चकबंदी में गड़बड़ी के आरोप पर कार्य रुकवा दिया था। शुक्रवार को एसीओ चकबंदी की देखरेख में फिर कार्य शुरू हुआ। आक्रोशित किसानों ने फिर गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। इस पर किसानों के दो पक्षों में मारपीट हुई। मारपीट में एक पक्ष के वलजीत सिंह, नरेंद्र सिंह, रंजीत सिंह समेत चार लोग घायल हो गए। घायलों ने बलरामपुर पुलिस चौकी पहुंचकर घटना की तहरीर दी। उधर, आक्रोशित किसानों ने प्रदर्शन कर एसीओ चकबंदी का पुतला फूंका। पुतला फूंकने वालों में अंग्रेज सिंह, प्रवीन कुमार, गुरजीत, सुखवंत सिंह, हरजीत, रमनदीप, कुलविंदर सिंह आदि थे।