आबादी में घुसा बाघ, बछड़े का किया शिकार
माला रेंज से सटे संडई हाल्ट में दी दस्तक, ग्रामीणों में दहशत
अमर उजाला ब्यरो
जराकोठी/पीलीभीत। टाइगर रिजर्व की माला रेंज से सटे संडई हाल्ट गांव में बृहस्पतिवार रात बाघ ने दस्तक दी। बाघ आबादी में घुसा और आवारा बछड़े को निवाला बनाया। बछड़े पर हमला करने के बाद बाघ उसके शव को खींचता हुआ जंगल की तरफ ले गया। बछड़े की चीख सुनकर जागे ग्रामीण ने टार्च की रोशनी से बाघ को देखा तो उसके होश उड़ गए। चीख पुकार होने पर काफी संख्या में ग्रामीण जुटे। जिसके बाद बाघ भले जंगल में वापस चला गया, लेकिन गांव में बाघ की दहशत बरकरार रही। सूचना मिलने पर गांव पहुंचे वन विभाग के कर्मचारियों ने जानकारी की और हर बार की तरफ सिर्फ ग्रामीणों को अलर्ट कर चलते बने।
थाना माधोटांडा क्षेत्र के माला जंगल से सटे संडई हाल्ट गांव निवासी दिलबाग सिंह ने बताया कि बृहस्पतिवार रात वह घर के बाहर बैठे हुए थे। इस बीच आबादी में घुसे बाघ ने घर के पास मौजूद आवारा बछड़े पर हमला कर दिया। बछड़े की आवाज सुनकर उन्होंने टार्च से रोशनी मारी, तो बाघ बछड़े को खींचता हुआ रेलवे लाइन पार कर जंगल की ओर जाता दिखाई दिया। उन्होंने शोर मचाकर आसपास के ग्रामीणों को जमा किया। जिसके बाद ग्रामीणों का शोर होने पर बाघ निकल गया। उनका कहना है कि पिछले कई दिनों से क्षेत्र में बाघ की चहलकदमी लगातार हो रही है। एक दिन पहले बाघ संडई हाल्ट गुरुद्वारे में घुस आया था। बाघ को गुरुद्वारा परिसर में बैठा देख वहां मौजूद ग्रंथी दीप सिंह ने शोर मचाया तो वापस जंगल की ओर चला गया। ऐसे में खासकर खेती से जुड़े काम ग्रामीण सही ढंग से नहीं कर पा रहे हैं।