हाथियों से सैर का लुत्फ भी उठा सकेंगे पर्यटक
माला से दुधवा तक हैरिटेज ट्रेन चलाने की भी योजना
पीलीभीत। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने चूका भ्रमण के समय पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए इसकी व्यवस्थाओं को और बेहतर करने के निर्देश दिए थे। मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद टाइगर रिजर्व प्रशासन इसमें जुट गया है। टाइगर रिजर्व के माला रेंज में रेस्क्यू सेंटर के अलावा वन निगम के भवन और हाल आदि का जीर्णोद्धार करने के साथ रिसोर्ट बनाने एवं माला से दुधवा नेशनल पार्क तक हैरिटेज ट्रेन चलाने की योजना है। इसके अलावा हाथी कॉरिडोर विकसित किया जाएगा। जिससे पर्यटक हाथियों पर सैर सपाट कर सकेंगे।
करीब तीन साल पूर्व पीलीभीत के जंगलों को टाइगर रिजर्व का दर्जा दिया गया था। इसके बाद से प्रतिवर्ष सैकड़ों पर्यटक इसका लुत्फ उठाने पहुंच रहे हैं। पिछले दिनों मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी चूका स्पॉट और जंगल का भ्रमण किया था। मुख्यमंत्री के जाने के बाद टाइगर रिजर्व प्रशासन ने अब माला रेंज को भी पर्यटन के लिहाज से सजाने संवारने की योजना बनाई है। इसी के तहत पहले बराही रेंज के बरुआ कुठारा में प्रस्तावित रेस्क्यू सेंटर को माला में प्रस्तावित किया गया है। इसके लिए रेंज में पौधशाला की 10 एकड़ जमीन को चिह्नित कर 4.50 करोड़ का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है।
पर्यटक कर सकेंगे हाथियों की सैर
टाइगर रिजर्व को शासन की ओर से चार हाथी मिलने हैं। इन्हें कर्नाटक से मंगवाया जा रहा है। इन हाथियों को भी अब माला रेंज में ही रखा जाएगा। जिसके लिए तीन-तीन लाख की लागत से शेड का निर्माण स्वीकृत हो चुका है। हाथियों को माला गेस्ट हाउस से बुढै़ना ताल तक आने जाने का रास्ता बनाया जाएगा। पर्यटक हाथियों की सवारी कर इन कॉरिडोर में घूम सकेंगे।
माला से दुधवा तक हैरिटेज ट्रेन का भी प्रस्ताव
पीलीभीत और लखीमपुर में इन दिनों ब्राडगेेज निर्माण चल रहा है। इसके लिए टाइगर रिजर्व ओर दुधवा नेशनल पार्क प्रशासन मिलकर माला रेंज से दुधवा तक हैरिटेज ट्रेन चलवाने की योजना बना रहा है। इसका प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। इस प्रस्ताव में पुरानी लाइन को यूं ही छोड़कर ब्राडगेज के लिए अलग से लाइन डालने का सुझाव दिया गया है।
निगम के भवनों में बनेंगे रिसाट
टाइगर रिजर्व बनने के बाद यहां वन निगम का अस्तित्व लगभग समाप्त हो गया है। ऐसे में माला रेंज में ही खाली पड़े आवासों एवं हाल आदि को रिसोर्ट के रूप में तैयार किया जाएगा। बाहर से आने वाले पर्यटक सीधे माला पहुंचकर रह सकेंगे और यहीं से उन्हें हैरिटेज ट्रेन से दुधवा नेशनल तक की सैर कराने की योजना है।
गाड़ियों की भी रहेगी व्यवस्था
पर्यटकों को टाइगर रिजर्व के चूका स्पॉट, सप्त सरोवर एवं अन्य स्थानों पर घूमाने के लिए माला रेंज में गाड़ियों की व्यवस्था भी जाएगी। ताकि माला में रुकने वाले पर्यटक भी जंगल की सैर कर सकें।
मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप टाइगर रिजर्व में ईको पर्यटन को बढ़ावा देने का प्रयास किया जा रहा है। इसके लिए माला रेंज में रेस्क्यू सेंटर के अलावा अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की योजना है। पर्यटकों को जल्द एक और पिकनिक स्पॉट मिलेगा।
विनोद कृष्ण सिंह, वन संरक्षक