पीलीभीत। अलविदा की नमाज समस्त मस्जिदों में सकुशल कराने के लिए शुक्रवार को पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी मुस्तैद रहे। काफिले के साथ राउंड लेकर शहर से देहात तक हालात भांपते रहे और पुलिस के ड्यूटी प्वाइंट भी चेक किए।
सुबह से मस्जिदों एवं मुख्य चौराहों पर पुलिस और पीएसी की तैनाती कर दी गई। मिश्रित आबादी वाले इलाकों में अतिरिक्त फोर्स लगाया गया। इसके बाद डीएम शीतल वर्मा, एसपी देवरंजन वर्मा भारी पुलिस बल के साथ शहर का भ्रमण पर निकल पड़े। एडीएम एके सैनी, एएसपी रोहित मिश्रा और सीओ सिटी निशांक शर्मा, सिटी मजिस्ट्रेट के साथ राउंड लेकर हालत भांपते रहे। मस्जिदों के आसपास साफ-सफाई और आवारा पशुओं को लेकर पैनी निगाह रही। एसपी ने ड्यूटी प्वाइंटों पर जाकर पुलिसकर्मियों को चेक किया और गंभीरता बरतने को कहा। जामा मस्जिद में नमाज के समय मेनगेट पर सीओ सिटी, सिटी मजिस्ट्रेट, कोतवाल देशपाल सिंह, इंस्पेक्टर हरगोविंद सिंह समेत काफी पुलिस बल तैनात रहा। एडीएम, एएसपी कोतवाली में रहे। इसक े नमाज शुरू होने से लेकर अंत तक दोनों ओर बैरियर लगाकर ट्रैफिक पुलिस तैनात रही और वाहनों का प्रवेश नहीं होने दिया गया। ग्रामीण इलाकों में भी अधिकारियों ने जाकर हालात पर नजर रखी।