पीलीभीत। ग्राम पंचायतों के स्थान पर विभिन्न कार्यालयों में संबद्ध चल रहे पंचायत सफाई कर्मचारियों को हटाने के बाद अब अधिकारियों के संबद्ध 30 पंचायत सफाई कर्मियों की संबद्धता समाप्त कर मूल तैनाती के गांव भेजा गया है।
ग्राम पंचायतों की सफाई को तैनात लगभग 1300 पंचायत सफाई कर्मियों से लगभग 100 पंचायत सफाई लिखित रूप से और लगभग इतने ही मौखिक आदेशों पर विभिन्न कार्यालयों व अधिकारियों के साथ संबद्ध चल रहे थे। अमर उजाला में छपी खबर का संज्ञान लेकर डीएम ने इन्हें हटाने के निर्देश दिए थे। डीएम के निर्देश पर संबद्ध चल रहे पंचायत सफाई कर्मियों की सूची तैयार की गई जिसमें 68 पंचायत सफाई कर्मी लिखित रूप से संबद्ध पाए गए। इनमें से 38 विभिन्न कार्यालयों में लिपिक, चपरासी का काम देख रहे थे जबकि कुछ ड्राइवर की भूमिका में थे। इन सभी को डीपीआरओ ने हटाने का आदेश करीब 15 दिन पूर्व ही जारी कर दिया था। साथ ही प्रशासनिक अधिकारियों के साथ संबद्ध सफाई कर्मियों को हटाने के लिए सूची डीएम को भेजी थी। इनमें डीएम, एडीएम, एसडीएम एवं तहसीलदार के कार्यालय व आवासों पर तैनात थे। डीएम के निर्देश पर अब इन सभी 30 सफाई कर्मियों भी संबद्धता कर दी गई है।